- कर्तव्यों के प्रति शहीद पुलिस बलों से लेनी चाहिए प्रेरणा : डॉ. कार्तिकेयन
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। पुलिस लाइन बिलासपुर में पुलिस स्मरणोत्सव दिवस के उपलक्ष्य पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक डॉ. कार्तिकेयन गोकुलचंद्रन ने की।
सर्व प्रथम पुलिस अधीक्षक ने देश और समाज की सेवा करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले देश के सभी शहीद पुलिस अधिकारियों और कर्मियों के नाम लेकर याद किया। साथ ही उनके बलिदान को याद करते हुए फूल अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर पुलिस बलों की ओर से स्मृति परेड भी आयोजित की गई। पुलिस अधीक्षक डॉ. कार्तिकेयन गोकुलचंद्रन ने कहा कि हम सभी को शहीद पुलिसकर्मियों को याद करते हुए उनके नक्शे कदम पर चलना चाहिए। देश और समाज की सेवा की भावना लेकर विभाग में अपने कर्तव्यों के प्रति शहीद पुलिस बलों से प्रेरणा लेनी चाहिए। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिवकुमार चौधरी, डीएसपी मुख्यालय मदन धीमान, डीएसपी लीव रिजर्व राजकुमार सहित पुलिस विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।