सुबह 10 बजे शुरू होगी चयन प्रक्रिया, पात्र खिलाड़ी निशुल्क ले सकेंगे हिस्सा
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। जिले की अंडर-14 क्रिकेट टीम के गठन के लिए 15 नवंबर को चयन ट्रायल लुहणू क्रिकेट मैदान में आयोजित किए जाएंगे। ट्रायल सुबह 10 बजे होगा। इसमें निर्धारित पात्रता मानदंड पूरा करने वाले युवा खिलाड़ी अपनी प्रतिभा दिखा सकेंगे। चयन प्रक्रिया पूरी तरह निशुल्क रखी गई है। खिलाड़ियों को ट्रायल में भाग लेने के लिए किसी भी तरह का शुल्क नहीं देना होगा।
क्रिकेट संघ बिलासपुर की ओर से चयन प्रक्रिया के संचालन के लिए समिति का गठन किया गया है। इसमें उमेश गौतम को अध्यक्ष और आरके रघु को संयोजक नियुक्त किया गया है। वहीं, आशीष कपिल, जितेंद्र ठाकुर, विशाल रतवान और प्रिंस गौतम समिति के सदस्य होंगे। इसके अलावा दीपक ठाकुर, यशपाल राणा, मनोहर ठाकुर, पंकज ठाकुर और वंदना राणा विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में शामिल रहेंगे। क्रिकेट संघ बिलासपुर के सचिव विशाल जगोता ने बताया कि अंडर-14 टीम के चयन के लिए आयोजित होने वाले ट्रायल में एक सितंबर 2012 के बाद जन्मे बच्चे भाग लेने के पात्र होंगे। चयन प्रक्रिया में खिलाड़ियों की प्रतिभा और खेल कौशल के आधार पर टीम के लिए चयन किया जाएगा। उन्होंने पात्र खिलाड़ियों से निर्धारित तिथि और समय पर ट्रायल में पहुंचने की अपील की है। उन्होंने बताया कि चयन प्रक्रिया पूरी तरह निशुल्क रहेगी।