-झबोला पंचायत के वार्ड एक में पेयजल आपूर्ति ठप
-लोगों ने प्रशासन से उठाई समस्या के समाधान की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहतलाई (बिलासपुर)। उपमंडल झंडूता के तहत ग्राम पंचायत झबोला में 26 फरवरी को जले विद्युत ट्रांसफार्मर की अभी तक मरम्मत नहीं हो पाई है। इस ट्रांसफार्मर से पेयजल योजना संचालित की जाती है, जिस कारण पेयजल आपूर्ति एक सप्ताह से बंद है।
पंचायत के वार्ड नंबर एक में विद्युत ट्रांसफार्मर जल गया था, जिस कारण लोगों को पेयजल आपूर्ति के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि इस ओर न तो जल शक्ति विभाग और न ही प्रशासन ध्यान दे रहा है। स्थानीय लोगों में सोहन सिंह, विधि चंद, देशराज, बिहारी लाल, रमेश चंद, कर्मचंद, मनोज कुमार, प्यार सिंह, नरेश कुमार, राजेश कुमार, विद्या देवी, प्रीतो देवी सहित अन्य ने बताया कि एक सप्ताह से पीने के पानी के लिए तरस गए हैं और यहां वहां से पानी ला रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यह पहली बार है कि इतने दिनों तक पेयजल आपूर्ति ठप रही हो। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में कई बार समस्या आती है, लेकिन सर्दियों में पहले कभी भी ऐसा नहीं हुआ। ग्रामीणों का कहना है कि यदि शीघ्र ही उनकी पेयजल आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो जल शक्ति विभाग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करेंगे, जिसकी जिम्मेदारी जल शक्ति विभाग और प्रशासन की होगी। उधर, जल शक्ति विभाग के सहायक अभियंता कलोल इकबाल शेख ने बताया कि झबोला में बिजली का ट्रांसफार्मर खराब होने के चलते समस्या आ रही है, शीघ्र ही समस्या का हल हो जाएगा। उधर, विद्युत बोर्ड के सहायक अभियंता तलाई यशन भारद्वाज ने बताया कि विद्युत ट्रांसफार्मर जल गया है और नया ट्रांसफार्मर आने पर समस्या का हल हो जाएगा।