घुमारवीं के छत गांव में आयोजित प्रशिक्षण शिविर में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को सम्मानित करत
-विशेषज्ञों ने महिलाओं को सिखाई हर्बल साबुन और शैंपू बनाने की विधि
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं(बिलासपुर)। बिलासपुर गृह लक्ष्मी सशक्तिकरण बहुउद्देशीय सहकारी सभा द्वारा घुमारवीं की छत पंचायत के छत गांव में स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। इस शिविर में ब्लॉक इंदौरा से आई विशेषज्ञों ने महिलाओं को हर्बल साबुन और शैंपू बनाने की विधि सिखाई, जिससे वे घर पर ही इन उत्पादों का निर्माण कर आत्मनिर्भर बन सकें।
कार्यक्रम में पूर्व खाद्य आपूर्ति मंत्री राजेंद्र गर्ग मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने सहकारी सभा द्वारा महिलाओं के उत्थान के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। कहा कि ऐसे प्रशिक्षण शिविर महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में सहायक सिद्ध होंगे। हर्बल उत्पादों की बाजार में बढ़ती मांग को देखते हुए यह प्रशिक्षण महिलाओं के लिए एक सुनहरा अवसर है। इससे वे अपने परिवार के लिए हर्बल उत्पाद तैयार करने के साथ-साथ उन्हें बाजार में बेचकर आर्थिक रूप से मजबूत भी हो सकती हैं। कहा कि यह पहल ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। महिलाओं को पारंपरिक व्यवसायों से आगे बढ़कर नए कौशल सीखने चाहिए, जिससे वे स्वरोजगार के अवसरों का लाभ उठा सकें। शिविर में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया और प्रशिक्षण प्राप्त किया। इस मौके पर सिमी चौहान, नीलम, रेणु जमवाल, धनवंती देवी, नीना शर्मा, शशि कुमारी, संतोष कुमारी सहित कई अन्य महिलाएं उपस्थित रहीं। आयोजकों ने बताया कि भविष्य में भी इस तरह के प्रशिक्षण शिविरों का आयोजन किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक महिलाएं इससे लाभान्वित हो सकें।