नम्होल में मशरूम फार्म के भ्रमण पर पहुंचे प्रशिक्षु जानकरी लेते हुए। संवाद
प्रशिक्षण शिविर के तहत मशरूम फार्म के भ्रमण पर पहुंचीं महिलाएं
पोस्ट तैयार करना, तापमान व नमी के संतुलन की दी जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। यूको आरसेटी की ओर से चलाए जा रहे मशरूम उत्पादन प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को प्रशिक्षण प्राप्त कर रही महिलाओं ने हिल एग्रो मशरूम फार्म, नम्होल का भ्रमण किया। इस दौरान महिलाओं को व्यावहारिक रूप से मशरूम उत्पादन की बारीकियों से रूबरू होने का अवसर मिला।
फार्म के संचालक एवं प्रगतिशील किसान नरेंद्र ने महिलाओं का स्वागत करते हुए उन्हें मशरूम उत्पादन की संपूर्ण प्रक्रिया की जानकारी दी। भ्रमण के दौरान नरेंद्र ने बताया कि मशरूम उत्पादन कम लागत में अधिक आय देने वाला व्यवसाय है, जिसे महिलाएं अपने घर के सीमित स्थान में भी आसानी से शुरू कर सकती हैं। उन्होंने महिलाओं को मशरूम के विभिन्न प्रकारों, जैसे बटन मशरूम और आयस्टर मशरूम की खेती, बीज (स्पॉन) की पहचान, कंपोस्ट तैयार करने की विधि, तापमान व नमी का संतुलन, साफ-सफाई, रोग नियंत्रण और कटाई के सही समय के बारे में विस्तार से जानकारी दी। महिलाओं को यह भी बताया गया कि उचित प्रबंधन और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने से उत्पादन और गुणवत्ता दोनों बेहतर होती हैं। प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं ने मशरूम उत्पादन यूनिट का अवलोकन किया और कंपोस्ट भरने से लेकर तैयार मशरूम की तुड़ाई तक की प्रक्रिया को नजदीक से देखा। महिलाओं ने सवाल-जवाब के माध्यम से अपनी जिज्ञासाओं का समाधान भी किया। यूको आरसेटी बिलासपुर के निदेशक अजय कुमार शर्मा ने बताया कि संस्थान द्वारा महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से मशरूम उत्पादन का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण में महिलाओं को सैद्धांतिक जानकारी के साथ व्यावहारिक अनुभव भी प्रदान किया जा रहा है, ताकि वे प्रशिक्षण पूरा होने के बाद स्वयं का उद्यम शुरू कर सकें।