हजारों की संख्या में पहुंचे लोग, नहीं हुई जाम की समस्या
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं(बिलासपुर)। 5 से 9 अप्रैल तक घुमारवीं में हुए राज्य स्तरीय ग्रीष्मोत्सव में जहां एक ओर कुश्ती मुकाबलों और सांस्कृतिक संध्याओं में अव्यवस्थाएं देखने को मिलीं, वहीं दूसरी ओर ट्रैफिक व्यवस्था ने इस आयोजन को स्मरणीय बनाने में अहम भूमिका निभाई। हजारों की संख्या में आए लोगों के बावजूद शहर में गंभीर जाम की स्थिति नहीं बनी, जिससे ट्रैफिक कर्मियों की सूझबूझ और समर्पित कार्यशैली का प्रमाण मिला।
उत्सव के दौरान शहर में बड़ी संख्या में वाहन प्रवेश कर रहे थे, जिससे जाम लगने की आशंका थी। लेकिन ट्रैफिक विभाग की पूर्व योजना और तत्परता ने इस संकट को टाल दिया। संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर वहां यातायात को नियंत्रित किया गया। दकड़ी चौक से मिनर्वा चौक तक दोनों ओर वाहनों की पार्किंग पर रोक लगाकर पैदल यात्रियों और वाहनों की आवाजाही को सुगम बनाया गया। हालांकि, कुछ स्थानों पर सड़क किनारे खड़े वाहनों के कारण पैदल राहगीरों को असुविधा हुई, लेकिन ट्रैफिक टीम की सक्रियता से समस्या को तुरंत सुलझा लिया गया। पूरे उत्सव के दौरान ट्रैफिक विभाग की सतर्कता स्पष्ट रूप से देखने को मिली। इस बार की ट्रैफिक व्यवस्था न केवल मेले में आए लोगों के लिए सुविधाजनक रही, बल्कि शहर के दुकानदारों के लिए भी राहत भरी साबित हुई। पिछले वर्षों में अव्यवस्थित ट्रैफिक के कारण जहां व्यापार प्रभावित होता था, वहीं इस बार योजनाबद्ध व्यवस्था के चलते बाजार सामान्य रूप से चलता रहा। स्थानीय दुकानदारों ने प्रशासन की इस पहल की खुलकर सराहना की। ट्रैफिक प्रबंधन की इस सफलता का श्रेय पुलिस विभाग और विशेष रूप से ट्रैफिक कर्मचारियों की टीम को जाता है, जिन्होंने दिन-रात मेहनत कर व्यवस्था को सुचारु बनाए रखा। स्थानीय जनता ने भी संयम और सहयोग से व्यवस्था को बनाए रखने में योगदान दिया।