- किरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर ऋषिकेश में हुई घटना, केस दर्ज
- पत्थर से स्थानीय युवकों की कार के शीशे भी तोड़े
संवाद न्यूज एजेंसी
ऋषिकेश (बिलासपुर)। किरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर डिवाइडर से कार टकराने पर दिल्ली के पर्यटकों ने दूसरी कार में सवार स्थानीय युवकों की जमकर पिटाई कर दी। पर्यटकों ने स्थानीय युवकों की कार के शीशे भी तोड़ दिए। घटना रविवार को झंडूता थाना क्षेत्र के ऋषिकेश में हुई। पुलिस ने एक स्थानीय युवक की शिकायत पर मामला दर्ज किया है।
शिकायत में अक्षय कुमार निवासी गांव भगेड़ तहसील घुमारवीं बिलासपुर ने बताया है कि दोस्त के साथ अपनी कार में मंडी-भराड़ी की ओर जा रहा था। ऋषिकेश पुल के पास दिल्ली नंबर की एक कार ने उनकी कार को कट मारा। इसके बाद दिल्ली नंबर की कार फोरलेन के डिवाइडर से टकरा गई और दूसरी लेन में जा पहुंची। दुर्घटनाग्रस्त कार से 4-5 लोग उतरे। उन्होंने कार को रुकवाया और डंडों से मारपीट शुरू कर दी। साथ ही पत्थरों से कार के शीशे तोड़ दिए। मौके पर इकट्ठा हुए लोगों ने उन्हें एम्स बिलासपुर पहुंचाया। उधर, डीएसपी मुख्यालय मदन धीमान ने बताया कि विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई की जा रही है।