-गायन, वादन, नृत्य, लोक नाटक और लोक गाथा के कलाकार ले सकेंगे भाग
- चयनित कलाकारों को उनके प्रदर्शन के आधार पर किया जाएगा श्रेणीबद्ध
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। प्रदेश सरकार के आदेशानुसार प्रदेश के कलाकारों को उचित मंच प्रदान करने और उन्हें श्रेणीबद्ध करने के उद्देश्य से भाषा एवं संस्कृति विभाग की ओर से 3 फरवरी को बहुउद्देशीय सांस्कृतिक परिसर बिलासपुर में चयन प्रक्रिया आयोजित की जाएगी। कार्यक्रम का आयोजन सुबह 10 बजे से किया जाएगा।
चयन प्रक्रिया में गायन, वादन, नृत्य, लोक नाटक और लोक गाथा जैसी विभिन्न विधाओं के कलाकार भाग ले सकेंगे। चयनित कलाकारों को उनके प्रदर्शन के आधार पर श्रेणीबद्ध किया जाएगा और उन्हें विभिन्न आयोजनों में भाग लेने का अवसर प्रदान किया जाएगा। जिन कलाकारों ने राज्य स्तरीय मेलों में प्राइम टाइम में सात बार, राष्ट्रीय स्तर पर पांच बार और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तीन बार प्रस्तुति दी है, प्रमुख टीवी लाइव शो (इंडियन आइडल, सा-रे-गामा आदि) में विजेता या उपविजेता बने हैं, उन्हें ए पल्स श्रेणी में शामिल किया जाएगा। हिमाचल यूथ फेस्टिवल में विजेता या उपविजेता रहे कलाकारों और वे म्यूजिकल ग्रुप जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय व राष्ट्रीय सांस्कृतिक कार्यक्रमों में 3 बार भाग लिया है, उन्हें ए श्रेणी में शामिल किया जाएगा। रेडियो दूरदर्शन या किसी सरकारी मान्यता प्राप्त संस्थान से श्रेणीबद्ध कलाकारों को इस चयन प्रक्रिया में भाग लेने की आवश्यकता नहीं होगी।
हालांकि, उन्हें मेला समिति से सहभागिता प्रमाण पत्र और श्रेणी प्रमाण पत्र की फोटोकॉपी जमा करनी होगी। प्रतिभागियों को पंजीकरण के लिए पासपोर्ट साइज फोटो और आधार कार्ड की फोटो कॉपी साथ लानी होगी। जिला भाषा अधिकारी रेवती सैनी ने कहा कि चयन प्रक्रिया में भाग लेने वाले कलाकारों को किसी भी प्रकार का भत्ता या यात्रा किराया प्रदान नहीं किया जाएगा। इस चयन प्रक्रिया का उद्देश्य प्रदेश के कलाकारों को पहचान दिलाने के साथ ही उन्हें सांस्कृतिक आयोजनों में उचित मंच प्रदान करना है।