कलश यात्रा व नगर प्रदक्षिणा के साथ शुरू हुआ धार्मिक आयोजन
झंडूता उपमंडल के गेहड़वीं क्षेत्र में श्रद्धा का माहौल
संवाद न्यूज एजेंसी
गेहड़वीं(बिलासपुर)। उपमंडल झंडूता के अंतर्गत कस्बा गेहड़वीं स्थित ग्राम पंचायत जांगला के घनियार वार्ड स्थित श्री लक्ष्मणजती सिद्ध मंदिर परिसर में नई मूर्तियों की स्थापना को लेकर तीन दिवसीय मूर्ति स्थापना महोत्सव विधि-विधान से शुरू हो गया। शुरुआत भव्य कलश यात्रा और नगर प्रदक्षिणा से की गई, जिसमें पूरे गांव के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
इस दौरान श्रद्धालुओं ने श्री राधा-कृष्ण, हनुमान जी, शनि शिला की मूर्तियों को सुसज्जित पालकियों में विराजमान कर पूरे गांव की परिक्रमा करवाई। धार्मिक वातावरण के बीच भजन-कीर्तन और जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया। नगर प्रदक्षिणा के उपरांत मूर्तियों को विभिन्न पवित्र नदियों और तीर्थ स्थलों से लाए गए जल से वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच विधिवत स्नान करवाया गया। इसके साथ ही पूरे दिन भजन-कीर्तन का दौर चलता रहा, जिससे श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। गुरुवार को ही धार्मिक परंपराओं के अनुसार मूर्तियों को विभिन्न प्रकार के अन्न में स्थापित किया गया, जबकि शाम के समय उन्हें फलों में रखकर पूजा-अर्चना और भजन-कीर्तन किया गया।
इस दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही। महोत्सव के आयोजकों में प्रकाश चंदेल, अरविंद गर्ग, सूरज प्रकाश, आचार्य सुभाष शर्मा, मलकीयत सिंह, डॉ. शेर सिंह चंदेल, प्रकाश चंद धीमान, मुख्तियार सिंह, रमेश चंद, प्रताप सिंह, सरवण सिंह, कौर चंद, रामपाल चंदेल, राकेश चंदेल, प्रकाश सिंह, चरणजीत सिंह, हेमराज, रसील सिंह, रवींद्र कुमार, राजकुमार, विनोद कुमार, हैप्पी, शोभित धीमान और भविष्य चंदेल सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि यह धार्मिक आयोजन पूरे क्षेत्र के लिए आस्था का केंद्र बना हुआ है। उन्होंने बताया कि तीन दिवसीय इस महोत्सव की पूर्णाहुति शनिवार को हवन-यज्ञ के साथ की जाएगी, जिसमें क्षेत्र के श्रद्धालु भाग लेंगे। आयोजन को लेकर गांव में उत्सव जैसा माहौल बना हुआ है और लोग बढ़-चढ़कर अपनी सहभागिता निभा रहे हैं।