किशोर-किशोरियों का शारीरिक, मानसिक, आध्यात्मिक रूप से स्वस्थ होना आवश्यक
जबब्लू पाठशाला में किशोर स्वास्थ्य दिवस, सर्वाइकल वैक्सीनेशन पर कार्यक्रम आयोजित
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। स्वास्थ्य विभाग की ओर से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जबब्लू में किशोर स्वास्थ्य दिवस और सर्वाइकल वैक्सीनेशन पर कार्यक्रम हुआ, जिसकी अध्यक्षता स्कूल उप प्रधानाचार्य सुमन धीमान ने की।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों के लिए भाषण और पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता कराई गई। भाषण प्रतियोगिता में स्माइल गौतम ने पहला, कृतिका ने दूसरा और समर चंदेल ने तीसरा स्थान हासिल किया। पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में ऋषि चंदेल पहले, सहजल दूसरे और खुशबू तीसरे स्थान पर रहीं। स्वास्थ्य शिक्षक दीप कुमार ने कहा कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किशोर-किशोरियों के स्वास्थ्य से संबंधित रोगों, उनमें हो रहे हार्मोनल परिवर्तनों के बारे में और समय पर उनका उपचार करने के लिए उन्हें प्रोत्साहित करना है। कार्यक्रम में 10 से 19 साल तक की आयु के किशोर-किशोरियों को शामिल किया गया है। इसमें किशोर-किशोरियों को पोषण, मानसिक स्वास्थ्य, चोट एवं हिंसा, प्रजनन स्वास्थ्य, नशा, रक्ताल्पता और गैर संचारी रोगों पर विस्तृत जानकारी दी जाती है। सभी किशोर-किशोरियों को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से स्वस्थ होना चाहिए, ताकि वह अपनी पूरी ऊर्जा का सही प्रयोग करें सकें। उन्होंने कहा कि कुछ समय से कुछ बच्चे नशे की चपेट में आ रहे हैं जिससे वह अपने परिवार और समाज के लिए एक चिंता का विषय बन गया है। नशा चाहे किसी भी प्रकार का हो शरीर के लिए घातक है। उन्होंने कहा कि वह बाहर से किसी भी प्रकार का भोजन जैसे फास्ट फूड का प्रयोग न करें, इससे शरीर में कई प्रकार की बीमारियां होती हैं। स्वास्थ्य शिक्षक कमल कुमार ने कहा कि शारीरिक श्रम और स्वस्थ जीवन शैली ही व्यक्ति के स्वस्थ को अच्छा बना सकती है।
किशोर-किशोरियों को इस समय सही मार्गदर्शन देने की आवश्यकता होती है। इस कार्यक्रम में किशोरों से जुड़ी हुई स्वास्थ्य समस्याएं और उनसे जुड़ी मिथ्या धारणाओं पर काउंसलिंग की एवं उनका निदान करने की कोशिश की जाती है। इन कार्यक्रमों को सफल करने के लिए किशोर, किशोरियों को स्कूलों में एनीमिया दूर करने के लिए आयरन की गोली सप्ताह में एक बार दी जाती है। इस तरह मेंस्ट्रूअल हाइजीन प्रोग्राम के तहत किशोरियों को सेनेटरी नैपकिन दिए जाते हैं, ताकि वह अपनी स्वच्छता बनाए रखें। उन्होंने कहा कि युवाओं में मानसिक समस्या होने पर 14416 टोल फ्री नंबर पर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इस किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम में स्कूली छात्रों को सर्वाइकल कैंसर की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि 14 से 15 साल की आयु की सभी किशोरियों को एचपीवी की वैक्सीन दी जाएगी, ताकि उनको सर्वाइकल कैंसर से बचाया जा सके।