हर व्यक्ति के साथ सम्मान और गरिमापूर्ण व्यवहार हमारी जिमेदारी : डॉ. नेगी
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर।अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान बिलासपुर में 78वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया गया। देश की स्वतंत्रता के लिए लड़ने वाले नायकों को याद करने के लिए एम्स के प्रशिक्षु, प्राध्यापक और कर्मचारी परिसर में इकठ्ठा हुए। एम्स के कार्यकारी निदेशक डॉ. वीर सिंह नेगी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
डॉ. वीर सिंह नेगी ने कहा कि एम्स बिलासपुर अंतरराष्ट्रीय मानकों की स्वास्थ्य देखभाल प्रदान करने, स्वास्थ्य देखभाल में अनुसंधान को आगे बढ़ाने और डॉक्टरों की भावी पीढ़ियों को प्रशिक्षित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि यह आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए आवश्यक है। बताया कि एम्स बिलासपुर कैथ लैब, रेडियोथेरेपी सेवाओं और क्षेत्रीय वायरल डायग्नोस्टिक रिसर्च प्रयोगशाला सेवाओं जैसी नई सेवाओं की शुरुआत के साथ तेजी से आगे बढ़ रहा है।
कार्यक्रम के समापन पर धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया। इस मौके पर डॉ. रूपाली पारलेवार,डॉक्टर अनुपम पराशर,डॉक्टर निधि पूरी, एमएस डॉक्टर दिनेश वर्मा और रजिस्टार आरके सिंह मौजूद रहे।