संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। विकास कार्यों के क्रियान्वयन, प्रगति के लिए उचित दिशा निर्देश देने और कार्यों की समीक्षा की बैठक में उपायुक्त पंकज राय ने कहा कि जिले को साफ सुथरा बनाए रखने के लिए 10 मई से सफाई अभियान चलाया जाएगा। एम्स तक इलेक्ट्रिक मुद्रिका बस आरंभ की गई है। बस को परिसर के भीतर तक ले जाने के लिए प्रबंधन से बातचीत की जाएगी, ताकि रोगियों को सड़क से अस्पताल तक पैदल न चलना पड़े।
उपायुक्त ने कहा कि मुख्यमंत्री सेवा संकल्प योजना की 100 से अधिक दिनों से लंबित शिकायतों का अधिकारी शीघ्र निपटारा करें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मदर चाइल्ड केयर अस्पताल के निर्माण कार्य को जून माह के अंत तक पूरा करने और इसमें मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करवाने के निर्देश दिए।
क्षेत्रीय अस्पताल के शौचालय के मरम्मत कार्यों को गति प्रदान के साथ श्री नयना देवी जी मंदिर न्यास के अधिकारियों को ट्रस्ट से संबंधित कार्यों के शीघ्र निपटारे के लिए ई-ऑफिस कार्यप्रणाली अपनाने को कहा।
उन्होंने कहा कि गर्मियों में लोगों को पर्याप्त जल आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके इसके लिए जल शक्ति विभाग के अधिकारी जिला के उन क्षेत्रों के बारे में पूर्व में ही सूचना प्रदान करें, जहां पेयजल का अभाव हो सकता है। बैठक में बंदला हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज में अतिरिक्त आवश्यकताओं, भगेड़ चौक तथा घुमाणी में सार्वजनिक शौचालयों के निर्माण आदि मुद्दों पर भी चर्चा की गई।
उपायुक्त ने कहा कि मंडे बैठक को आयोजित करने का उद्देश्य जिला में विभिन्न विभागों के माध्यम से होने वाली विकासात्मक गतिविधियों को गति प्रदान करना है। बैठक में लगभग 70 मुद्दों पर चर्चा की गई। इस अवसर पर एडीसी तोरुल रवीश, जिला राजस्व अधिकारी देवी राम, एसीएफ प्रदीप कुमार, कार्यकारी अधिकारी नगर परिषद उर्वशी वालिया, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण राजेंद्र सिंह जुबलानी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी प्रवीण कुमार, श्रम अधिकारी भावना शर्मा, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी राम पाल, जल शक्ति विभाग अधिशासी अभियंता राकेश वैद्य सहित अन्य विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।