-घर के बाहर खड़ी गाड़ियों और घर के अंदर सामान पर हाथ कर रहे साफ
गांधी चौक पर गाड़ी के चारों व्हील कर चोरी
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। सर्दियों का मौसम शुरू होते ही घुमारवीं शहर में चोरी करने वाला गिरोह सक्रिय हो गया है। यह गिरोह अंधेरा जल्दी होने और ठंड में लोगों के जल्दी घरों में अंदर चले जाने के कारण लगातार रात के समय घरों के बाहर खड़ी गाड़ियों के टायर, बैटरी, व्हील कवर और घरों से सिलिंडर तक नहीं छोड़ रहे हैं। जो भी सामान मिला उस पर ही हाथ साफ कर रहे हैं।
करवाचौथ की रात वार्ड नंबर 5 बजोहा वार्ड में भी एक घर में सेंध मारी। चोर घर के सारे सामान पर हाथ साफ कर गए। चोर इतने शातिर थे कि डबल बेड के अलावा घर में कुछ भी नहीं छोड़ा। यहां तक कि घर के मालिक के कपड़े तक चोरी करके ले गए, लेकिन पुलिस के हाथ वहां भी खाली हैं। इनके हौंसले इतने बुलंद हैं कि सबसे व्यस्ततम गांधी चौक पर शनिवार को खड़ी गाड़ी के चारों व्हील कवर उड़ा ले गए। वहीं दो घरों से सिलिंडर भी चुरा कर ले गए, जबकि यहां पर रात को भी काफी गाड़ियों का आना जाना लगा रहता है। घुमारवीं निवासी जेडी आजाद ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि उसने शनिवार रात करीब 10 बजे अपनी गाड़ी गांधी चौक पर खड़ी की, इसके बाद वह अपने घर चला गया। रविवार सुबह 7 बजे जब उठकर आया तो देखा कि कार के चारों व्हील कवर कोई उतार कर ले गया है। जहां गाड़ी खड़ी की गई थी वहां पुलिस के तीन-तीन कैमरे लगे हुए थे। कार मलिक को उम्मीद थी कि चोरों का पता लग जाएगा। जब कार मलिक ने पुलिस स्टेशन पहुंचकर सारी वारदात बताई और पुलिस के लगाए कैमरों में चोरों को पता लगाने की गुहार लगाई तो पुलिस का जवाब सुनकर बड़ी हैरानी हुई जब पता चला कि पुलिस के कैमरे काम ही नहीं करते हैं। पुलिस स्टेशन से मात्र 500 मीटर की दूरी पर स्थित शहर के सबसे व्यस्ततम गांधी चौक पर हुई इस चोरी की किसी को कोई जानकारी ही नहीं है। हालांकि वहां पुलिस के तीन कैमरे स्ट्रीट लाइट और हाई मास्क लाइट लगी हुई है। चोर इन सब चीजों के होते हुए भी चोरी कर गए, लेकिन किसी को भनक तक नहीं लग पाई। घुमारवीं में चोरियों का ग्राफ दिन प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। हालांकि कुछ समय पहले थाना परिसर में बने मंदिर में भी चोरों ने सेंधमारी की थी और पुलिस आज तक उसमें भी चोर का पता नहीं लगा पाई है। लोगों की मांग है कि शहर में दिन प्रतिदिन बढ़ते चोरियों को देखते हुए पुलिस प्रशासन को रात के समय गस्त बढ़ानी चाहिए। सर्दियों का मौसम होने की वजह से अंधेरा जल्दी हो जाता है, जिस कारण से बाजार भी जल्दी बंद हो जाते हैं और ठंड के कारण लोग घरों में दुबक जाते हैं। इसी का फायदा उठाकर चोर सक्रिय हो रहे हैं।
कोट
रात के समय पुलिस की गस्त बढ़ा दी गई है। कैमरे खराब तो नहीं हैं पर इन कैमरों को साथ लगती दुकानों में जोड़ा गया है। कई बार दुकानदार लाइट का मुख्य स्विच ऑफ करके चले जाते हैं। इस कारण से मुश्किल हो जाती है। जल्द ही इसका भी हल निकाला जाएगा।
चंद्रपाल सिंह, डीएसपी घुमारवीं