-डीएवी बरमाणा में तीन दिवसीय नेशनल कैपेसिटी बिल्डिंग प्रोग्राम वर्कशाप का शुभारंभ
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। बिलासपुर के बरमाणा में स्थित एसीसी अदाणी डीएवी पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल में वीरवार को तीन दिवसीय कैपेसिटी बिल्डिंग प्रोग्राम विषय पर राष्ट्रीय कार्यशाला का शुभारंभ हुआ। स्कूल प्रधानाचार्य सुनील गांगटा ने बताया कि इस कार्यशाला में शारीरिक शिक्षा के क्षेत्र में आने वाली चुनौतियों को लेकर मंथन कर, नई तकनीक से रूबरू होंगे।
प्रधानाचार्य ने बताया कि कार्यशाला में गुजरात, राजस्थान, महाराष्ट्र हिमाचल व पंजाब राज्य के शारीरिक शिक्षा शिक्षक सुजॉय पाल, विनय शर्मा, संतोषी एम खेवले, राकेश शर्मा, अनिल कुमार गुप्ता, दीपू राजपूत और जितेंद्र कुमार तथा प्रभजोत कौर विशेष तौर पर हिस्सा ले रहे हैं। कहा कि वर्तमान में शारीरिक शिक्षकों का दायित्व और बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि नशे से बच्चों को बचाने के लिए अब एकमात्र सहारा बच्चों को खेलों से जोड़ना है। इसके लिए सारा दारोमदार अब शारीरिक शिक्षकों पर आ गया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान पीढ़ी सिंथेटिक नशे की चपेट में आकर अपना भविष्य और जान दोनों को खतरे में डाल रहे हैं। हालांकि पुलिस प्रशासन अपनी तरफ से इससे निपटने के लिए पूरा प्रयास कर रहा है, लेकिन सामाजिक सहभागिता भी आवश्यक है। विजय कुमार ने कहा कि यदि नवोदित पीढ़ी को बचाना है तो उन्हें उनकी रुचि के अनुसार किसी न किसी खेल से जोड़ना होगा, ताकि उनका ध्यान ही गलत कार्यों की तरफ न जाए। इस अवसर पर आर्ट ऑफ लिविंग से जुड़े संजय शर्मा ने शारीरिक शिक्षकों को प्राणायाम, योग, मेडिटेशन के बारे में विस्तार से बताया। कार्यशाला के शुभारंभ पर डीएवी स्कूल के नौनिहाल बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहा।