घुमारवीं के बजोहा वार्ड में बिछाई सीवरेज लाइन। संवाद
जताया आभार, लंबे समय से लोग कर रहे थे सीवरेज व्यवस्था की मांग
निवर्तमान नगर परिषद अध्यक्ष ने निभाई अहम भूमिका
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। नगर परिषद घुमारवीं के तहत वार्ड नंबर-7 बजोहा वार्ड के करीब 15 से 16 परिवारों को लंबे इंतजार के बाद सीवरेज सुविधा उपलब्ध हो गई है। करीब दो दशकों से इस क्षेत्र के लोग सीवरेज व्यवस्था से वंचित थे, जिसके कारण उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। अब सीवरेज लाइन से जुड़ने के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है और खुशी का इजहार किया है।
स्थानीय लोगों में गिरधारी लाल, राम प्रकाश, आदर्श शर्मा, शर्मिला देवी, मुकेश गर्ग, अरविंद शर्मा, रमेश, तिलकराज और अमित कुमार सहित अन्य लोगों ने बताया कि वे कई वर्षों से इस सुविधा की मांग कर रहे थे। इसके लिए संबंधित विभाग के चक्कर काटने के बावजूद उन्हें सीवरेज सुविधा का लाभ नहीं मिल पा रहा था। सीवरेज व्यवस्था न होने के कारण लोगों को घरेलू गंदे पानी के निस्तारण में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। लोगों के अनुसार सीवरेज लाइन बिछाने में सबसे बड़ी बाधा यह थी कि प्रस्तावित लाइन का कुछ हिस्सा निजी भूमि से होकर गुजर रहा था। कई भूमि मालिक अपनी जमीन में सीवरेज लाइन डालने के पक्ष में नहीं थे, जिसके चलते वर्षों तक यह मामला अधर में लटका रहा और क्षेत्र के परिवार मूलभूत सुविधा से वंचित रहे।
स्थानीय लोगों ने बताया कि निवर्तमान नगर परिषद अध्यक्ष एवं वर्तमान पार्षद रीता सहगल ने इस समस्या के समाधान के लिए लगातार प्रयास किए। उन्होंने संबंधित विभाग के साथ समन्वय स्थापित करने के अलावा प्रभावित पक्षों से बातचीत कर उन्हें सहमत करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके प्रयासों से सभी पक्षों के बीच सहमति बनी और आखिरकार क्षेत्र के परिवारों को सीवरेज सुविधा से जोड़ दिया गया। सीवरेज सुविधा मिलने पर स्थानीय लोगों ने रीता सहगल का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वर्षों से लंबित इस समस्या का समाधान होने से क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिली है और अब उन्हें भविष्य में स्वच्छता संबंधी समस्याओं का सामना नहीं करना पड़ेगा।