नम्होल से धराड़सानी तक होगा स्वागत, समता और समरसता का दिया जाएगा संदेश
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में समता एवं समरसता अभियान के तहत पांच अगस्त को निकाली जा रही कलश वंदन यात्रा जिला बिलासपुर पहुंचेगी। भारतीय जनता पार्टी जिला अध्यक्ष कृष्ण लाल चंदेल ने बताया कि यात्रा का उद्देश्य संत रविदास जी के समता, सामाजिक न्याय, भाईचारे और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि संत रविदास जी ने अपने जीवनभर जाति-पांति, ऊंच-नीच और भेदभाव से ऊपर उठकर समाज को समानता, प्रेम और मानवता का संदेश दिया, जो आज भी उतना ही प्रासंगिक है। बताया कि कलश वंदन यात्रा पांच अगस्त को सुबह आठ बजे शिमला से रवाना होगी और करीब साढ़े दस बजे जिला बिलासपुर की सीमा नम्होल में प्रवेश करेगी। यहां स्थानीय नागरिकों, सामाजिक संगठनों, भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, विभिन्न मोर्चों एवं प्रकोष्ठों के कार्यकर्ताओं तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की ओर से यात्रा का भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके बाद यात्रा नौणी चौक पहुंचेगी, जहां भी स्वागत कार्यक्रम आयोजित होगा। यात्रा धराड़सानी स्थित श्री गुरु रविदास मंदिर पहुंचेगी, जहां पूजा-अर्चना, कलश वंदन और जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान संत रविदास जी के जीवन, उनके सामाजिक और आध्यात्मिक योगदान तथा समता एवं समरसता के संदेश पर विचार रखे जाएंगे। कृष्ण लाल चंदेल ने कहा कि संत रविदास जी का संदेश किसी एक समाज तक सीमित नहीं, बल्कि पूरी मानवता के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने बताया कि दोपहर 2:30 बजे भगेड़ में भी कलश वंदन यात्रा का भव्य स्वागत किया जाएगा। यहां स्थानीय नागरिकों, पार्टी कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं द्वारा यात्रा का अभिनंदन करने के बाद इसे सुंदरनगर की सीमा तक सम्मानपूर्वक विदा किया जाएगा।