कल्लर स्कूल में आयोजित एनएसएस शिविर में योगाभ्यास करते हुए स्वयंसेवी। स्रोत: स्कूल प्रबंधन।
कल्लर विद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना शिविर आयोजित
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कल्लर में चल रहे सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के शिविर के तीसरे दिन की शुरुआत प्रभातफेरी से हुई। स्वयंसेवियों ने सेवा, स्वच्छता और अनुशासन के नारों के साथ ग्रामवासियों को जागरूक किया।
उसके बाद योग प्रशिक्षक रमेश बादल ने स्वयंसेवियों का योग सत्र लिया। उन्होंने विभिन्न आसनों का अभ्यास करवाते हुए योग के शारीरिक और मानसिक लाभों की जानकारी दी। प्रोजेक्ट कार्य के तहत स्वयंसेवियों ने विद्यालय से सटे गोद लिए गांव कल्लर पट्टा में सफाई अभियान चलाया। उन्होंने रास्तों की अवांछनीय झाड़ियों को काटा और भारी बारिश से क्षतिग्रस्त मार्गों की मरम्मत कर स्वच्छता व जनसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया। बौद्धिक सत्र में एम्स के योगाचार्य डॉ. भूपेश ने व्यक्तित्व निर्माण में योग के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है बल्कि व्यक्तित्व को संतुलित, आत्मविश्वासी और अनुशासित बनाता है। इस अवसर पर कार्यक्रम अधिकारी बलवंत ठाकुर, कांता शर्मा आदि उपस्थित रहे।