रिलायंस स्टोर में मौसंबी लेकर पहुंचे हिमाचल के किसान व अधिकारी। स्रोत: जागरूक पाठक
फगोग और तलवार क्लस्टर से करीब एक क्विंटल फल राजपुरा स्टोर को भेजा
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। एचपी शिवा परियोजना के तहत हिमाचल प्रदेश से पहली बार रिलायंस रिटेल स्टोर्स को मीठा संतरा (मौसंबी) की आपूर्ति की गई। जिले के फगोग और तलवारा क्लस्टर से करीब एक क्विंटल फल राजपुरा (पंजाब) रिलायंस स्टोर को 44 रुपये प्रति किलोग्राम के हिसाब से भेजा गया।
वहीं कांगड़ा के विजय सिंह राणा (क्लस्टर धानोत) ने 80 किलोग्राम मौसंबी कांगड़ा रिलायंस स्टोर में 55 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव से आपूर्ति की। सहायक परियोजना निदेशक डॉ रमल अंगारिया ने कहा कि रिलायंस रिटेल प्रबंधन ने इस खेप की गुणवत्ता, आकार, शेप और रंग की सराहना करते हुए कहा कि मौसंबी का आकार 65 मिमी से अधिक होना चाहिए और रंग हरा या हल्का पीला वांछनीय है। उन्होंने भविष्य में एचपी शिवा क्लस्टर में उत्पादित सभी प्रकार के फलों की नियमित खरीद में रुचि व्यक्त की है, जिससे प्रदेश के बागवानों को बेहतर विपणन अवसर प्राप्त होंगे। इस मौके पर तलवारा क्लस्टर के प्रधान बंसी राम और फगोग क्लस्टर से योगेश उपस्थित रहे।