शहर के चार पार्कों का चरणबद्ध तरीके से होगा सौंदर्यीकरण
नियमित सफाई न होने के कारण लोगों का पार्कों आना-जाना था बंद
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। घुमारवीं शहर के खस्ताहाल पार्कों की जल्द सूरत बदलने की उम्मीद जगी है। लंबे समय से बदहाली का दंश झेल रहे शहर के पार्कों के दिन अब फिरने वाले हैं। नगर परिषद ने शहर के सभी पार्कों के सौंदर्यीकरण की योजना तैयार की है। इसके तहत चरणबद्ध तरीके से पार्कों में सुधार कार्य करवाए जाएंगे। नगर परिषद का दावा है कि जल्द ही इन कार्यों को शुरू कर दिया जाएगा।
बता दें कि घुमारवीं शहर में मौजूदा समय में करीब चार पार्क नगर परिषद के अधीन हैं। उचित देखरेख और रखरखाव के अभाव में इनकी हालत लंबे समय से खराब बनी हुई है। कहीं पार्कों में लंबी-लंबी घास उगी हुई है तो कहीं गंदगी के ढेर लगे हैं। नियमित सफाई न होने के कारण लोगों का पार्कों में आना-जाना भी लगभग बंद हो गया है।
कई पार्कों में लोहे की ग्रिल, चारदीवारी और प्रवेश द्वार तक टूटे पड़े हैं। ऐसे में आवारा पशु भी आसानी से पार्कों में प्रवेश कर जाते हैं। कुछ लोग पार्कों में कचरा फेंकने से भी बाज नहीं आते। बारिश के दौरान पानी की निकासी की उचित व्यवस्था न होने से पार्कों में जलभराव हो जाता है, जिससे इनका इस्तेमाल करना मुश्किल हो जाता है।
कुछ समय पहले रोटरी क्लब की ओर से एक पार्क को गोद लेकर उसकी देखरेख करने की बात कही गई थी, लेकिन यह योजना अभी तक सिरे नहीं चढ़ पाई है। नगर परिषद की ओर से पूर्व में पार्कों के निर्माण और रखरखाव पर लाखों रुपये खर्च किए जा चुके हैं। इसके बावजूद इनकी स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हो पाया है। पार्कों की बदहाली से जहां शहर की सुंदरता प्रभावित हो रही है, वहीं शहरवासियों के पास सुबह-शाम सैर करने और बच्चों के खेलने के लिए भी उचित स्थान उपलब्ध नहीं है। स्थानीय लोग लंबे समय से पार्कों की हालत सुधारने की मांग उठा रहे हैं।
जल्द शुरू होगा सौंदर्यीकरण का काम
नगर परिषद घुमारवीं के अध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि शहर के सभी पार्कों के सौंदर्यीकरण की रूपरेखा तैयार कर ली गई है। जल्द ही सभी पार्कों में सुधार और सौंदर्यीकरण का काम शुरू कर दिया जाएगा, ताकि शहरवासियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।