बिलासपुर में आयोजित जिला कांग्रेस कमेटी की बैठक में मौजूद पदाधिकारी व सदस्य। स्रोत: कांग्रेस
- फोटो : घायल सिपाही को ट्रामा सेंटर लेकर पहुंचे पुलिसकर्मी। संवाद
जिला कांग्रेस कमेटी की बैठक में बूथ स्तर पर संगठन विस्तार को लेकर हुआ मंथन
सक्रिय और समर्पित कार्यकर्ताओं को सौंपी जाएगी बूथ लेवल एजेंट की जिम्मेदारी
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। जिला कांग्रेस कमेटी बिलासपुर की महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक शुक्रवार को इंदिरा भवन स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में आयोजित की गई। जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष अंजना धीमान की अध्यक्षता में हुई बैठक में बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने और बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) की नियुक्ति को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं जिला बिलासपुर के प्रभारी रमेश चौहान विशेष रूप से बैठक में उपस्थित रहे।
उन्होंने बैठक का संचालन करते हुए संगठन से जुड़े विभिन्न विषयों पर पदाधिकारियों के साथ विचार-विमर्श किया। बैठक में आगामी समय में प्रत्येक बूथ पर बूथ लेवल एजेंट की नियुक्ति और उनकी भूमिका को लेकर विशेष चर्चा की गई। प्रभारी रमेश चौहान ने कहा कि संगठन की मजबूती की असली नींव बूथ स्तर पर होती है। इसलिए प्रत्येक बूथ पर पार्टी के सक्रिय और समर्पित कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपना जरूरी है। बीएलए की नियुक्ति से बूथ स्तर पर संगठन की गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने और कार्यकर्ताओं की भागीदारी बढ़ाने में मदद मिलेगी। उन्होंने पदाधिकारियों से बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने के लिए सक्रियता से काम करने का आह्वान किया। बैठक में ब्लॉक और बूथ स्तर पर संगठनात्मक ढांचे को मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने और पार्टी की नीतियों एवं कार्यक्रमों को आम जनता तक पहुंचाने को लेकर भी चर्चा हुई। पदाधिकारियों को संगठन के विस्तार और मजबूती के लिए अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने को कहा गया। इस दौरान जिला और ब्लॉक स्तर के पदाधिकारियों ने भी संगठन को मजबूत बनाने के लिए अपने सुझाव रखे। बैठक में पार्टी के आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों को सफल बनाने और सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलने पर सहमति बनी। पदाधिकारियों ने सामूहिक रूप से संगठन की मजबूती के लिए मिलकर काम करने का संकल्प लिया। बैठक में पूर्व मंत्री रामलाल ठाकुर, पूर्व विधायक बंबर ठाकुर, पूर्व विधायक बीरू राम किशोर, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव विकास ठाकुर, जिला कांग्रेस कमेटी के महासचिव (संगठन) अधिवक्ता अनुराग पंडित सहित जिला एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के पदाधिकारी और विभिन्न ब्लॉकों के अध्यक्ष उपस्थित रहे।