आईटीआई चौक के पास रविवार रात हुई खूनी झड़प में पुलिस ने किया है गिरफ्तार
मामले में दोनों पक्षों की ओर से क्रॉस एफआईआर हुई है दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। आईटीआई चौक के पास रविवार रात उधारी के पैसों को लेकर दो पक्षों में हुए विवाद के मामले में दराट से हमला करने वाला आरोपी कोर्ट ने 6 नवंबर तक पुलिस रिमांड पर भेजा है। इस झड़प में लोअर निहाल बिलासपुर का विजय कुमार गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसका एक अंगूठा कट गया, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया और उसे सोमवार को कोर्ट में पेश किया गया।
रविवार देर रात रौड़ा सेक्टर-3 में वसीम उर्फ मूसा की दुकान में कुछ लोग पार्टी कर रहे थे। इस दौरान विजय कुमार अपने दोस्तों के साथ वहां मौजूद था। पार्टी के बीच में ही करीब दस हजार रुपये की उधारी को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर विजय अपने दोस्तों के साथ कार में बैठकर निकल गया, लेकिन वसीम ने अपनी गाड़ी से उनका पीछा किया और करीब 200–300 मीटर आगे उनकी गाड़ी को रोक लिया। इसके बाद वसीम ने दराट निकालकर विजय पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में विजय की बाजू पर गहरी चोट आई और उसका एक अंगूठा कट गया। साथी युवक उसे तुरंत जिला अस्पताल बिलासपुर लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे एम्स बिलासपुर रेफर कर दिया गया। उधर, इस मामले में दोनों पक्षों की ओर से क्रॉस एफआईआर दर्ज हुई है। बताया जा रहा है कि झड़प में दोनों ओर के लोग चोटिल हुए हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा सके। एसपी बिलासपुर संदीप धवल ने बताया कि हमले के आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे छह नवंबर तक पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।