नाबालिग लड़की के अपहरण मामले की तलाश में यूपी तक गई थी पुलिस
-भराड़ी थाना के तहत गांव से लापता हुई थी किशोरी
संवाद न्यूज एजेंसी
भराड़ी (बिलासपुर) भराड़ी थाना क्षेत्र के एक गांव से लापता हुई नाबालिग लड़की के मामले में पुलिस ने आरोपी प्रवासी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को सोमवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे पांच दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसे उन ठिकानों पर ले जाएगी, जहां-जहां वह किशोरी को लेकर गया था।
चार जून को भराड़ी थाना क्षेत्र के एक गांव से एक नाबालिग लड़की रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता हो गई थी। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर तलाश शुरू की। इस दौरान पुलिस की टीम यूपी तक पहुंची और कड़ी मेहनत के बाद घटना के तीन दिन बाद लड़की को सकुशल बरामद कर लिया गया। उसे परिजनों के हवाले कर दिया गया। लड़की के बयान के आधार पर पुलिस ने प्रवासी युवक दयाशंकर के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया। इसके बाद युवक की तलाश शुरू की गई। रविवार को आरोपी स्वयं थाने पहुंच गया, जहां से पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। सोमवार को पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे 22 जून तक पांच दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। इस दौरान पुलिस उससे पूछताछ कर घटना से जुड़ी कड़ियों को जोड़ने का प्रयास करेगी। पुलिस उपाधीक्षक चंद्रपाल सिंह ने कहा कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। उसे उन सभी स्थानों पर ले जाया जाएगा, जहां वह नाबालिग को लेकर गया था। मामले की गहनता से जांच की जा रही है।