-जल्द ही सिंचाई योजना से लाभान्वित होंगे क्षेत्र के किसान
-1.25 करोड़ की लागत से बनी योजना से बढ़ेगा फसल उत्पादन
संवाद न्यूज एजेंसी
बरठीं (बिलासपुर)। झंडूता विकासखंड की ग्राम पंचायत सुन्हाणी में किसानों के लिए बनाई गई 1.25 करोड़ की सिंचाई योजना किसानों को लाभ पहुंचाने के लिए तैयार हो गई है। लंबे समय से प्रतिक्षित इस योजना का उद्देश्य सुन्हाणी, लेहड़, धरोटी आदि क्षेत्रों में किसानों के खेतों तक पानी पहुंचाना है, जिससे फसल उत्पादन में वृद्धि हो सके। मंगलवार को विभाग इस योजना की टेस्टिंग करेगा।
जल शक्ति विभाग के कनिष्ठ अभियंता अमित शर्मा ने बताया कि योजना का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है और मंगलवार को इसकी टेस्टिंग की जाएगी। कहा कि बजट के अभाव के कारण योजना में देरी जरूर हुई थी, लेकिन पंचायत के प्रयासों से अब इसका समाधान निकाला जा रहा है। विभाग ने इस योजना के लिए अतिरिक्त बजट की व्यवस्था की है और जल्द ही इसे किसानों के लिए चालू किया जाएगा।
ग्राम पंचायत प्रधान उपेंद्र सिंह ने भी इसे किसानों के लिए बड़ी उपलब्धि बताया और कहा कि यह योजना क्षेत्र के विकास में अहम भूमिका निभाएगी। उन्होंने बताया कि पंचायत स्तर पर निरंतर प्रयास किए गए ताकि किसानों को सिंचाई की सुविधाएं समय पर मिल सकें और अब यह प्रयास फलीभूत हो रहे हैं। इस योजना के पूरा होने से क्षेत्र के किसान अब सिंचाई के लिए बारिश पर निर्भर नहीं रहेंगे, जिससे फसल उत्पादन में वृद्धि और किसानों की आर्थिकी में भी सुधार होगा। किसान जोध सिंह, धर्मपाल, प्यारेलाल समेत अन्य किसानों ने योजना के पूरा होने पर संतोष व्यक्त किया और उम्मीद जताई कि इसका लाभ उन्हें जल्दी ही मिलने लगेगा। जल शक्ति विभाग और पंचायत के इस सामूहिक प्रयास से क्षेत्र में कृषि को एक नई दिशा मिलेगी और किसानों का फसल उत्पादन बढ़ेगा।