बिलासपुर के बरठीं में आयोजित कार्यशाला में भाग लेने पहुंचे अध्यापक। स्रोत : स्कूल प्रबंधन
-ओल्ड जेएनवी बरठीं में शिक्षकों की प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित
संवाद न्यूज एजेंसी
बरठीं (बिलासपुर)। उपमंडल झंडूता के पुराना जवाहर नवोदय विद्यालय बरठीं में स्कूलों में शिक्षण कार्य संबंधी पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया।
इसमें झंडूता खंड के 46 प्राथमिक अध्यापक भाग ले रहे हैं। शिक्षकों को कक्षा प्रबंधन, आपदा, डिजिटल के माध्यम से बच्चों को पढ़ाना, क्लासरूम मैनेजमेंट, सीएफ स्कूल लीडरशिप क्वालिटी में सुधार, सोशल सामाजिक विकास और जीने की पद्धति के बारे में विशेष रूप से प्रशिक्षण दिया जा रहा है। डाइट जुखाला के उप प्रधानाचार्य संजय शामा ने शिक्षकों को सामान्य रूप से कक्षा कक्ष में आने वाली समस्याओं को हल करने के गुर सिखाए। उन्होंने बताया कि किस प्रकार से हम नियम व प्रक्रिया में निहित अंतर को समझते हुए अपने शिक्षण कार्य को निखार सकते हैं। नई-नई तकनीक के उपयोग से जहां शिक्षण कार्य को सरल और प्रभावी बनाया जा सकता है, वहीं विद्यार्थी भी लर्निंग में रूचि लेते हुए जल्द सीखते है। उन्होंने बताया कि पूर्व प्राथमिक कक्षाओं के बच्चों को पढ़ाने के लिए अध्यापकों को कड़ी मेहनत करने की आवश्यकता है। उन्होंने अध्यापकों को बौद्धिक, शारीरिक, भाषा, सृजनात्मक, सामाजिक, भावनात्मक विकास, प्री मैथ्स के बारे में भी विस्तार पूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि छोटे बच्चों का खेल-खेल के माध्यम से सर्वांगीण विकास करने में प्राथमिक शिक्षकों की अहम भूमिका है। उन्होंने बताया कि पूर्व प्राथमिक कक्षाओं में शिष्टाचार में अंग्रेजी और हिंदी का ज्ञान बच्चों को देना आवश्यक है। प्री प्राइमरी शिक्षकों की कार्यशाला के जिला संयोजक अतुल शर्मा ने बताया कि वर्तमान में तीन खंड के लगभग 150 शिक्षकों को प्रशिक्षित किया जा रहा है। इस मौके पर चंद्रशेखर, सुनील कुमार सहित अन्य अध्यापक उपस्थित रहे।