संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। टीबी मुक्त भारत अभियान को जनआंदोलन बनाने के उद्देश्य से जिला स्वास्थ्य समिति बिलासपुर ने आमजन से टीबी मुक्त भारत सहयोग कोष में स्वैच्छिक योगदान देने की अपील की है। इस कोष के माध्यम से निक्षय मित्र योजना के तहत टीबी से प्रभावित मरीजों को पोषण आहार और अन्य आवश्यक सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. शशिदत्त शर्मा ने बताया कि जिला स्वास्थ्य समिति बिलासपुर की ओर से यूको बैंक में टीबी मुक्त भारत सहयोग कोष के लिए समर्पित बैंक खाता खोला गया है। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी से ही टीबी उन्मूलन के राष्ट्रीय लक्ष्य को समयबद्ध तरीके से हासिल किया जा सकता है। डॉ. शर्मा ने कहा कि इच्छुक नागरिक इस सहयोग कोष में स्वेच्छा से आर्थिक योगदान देकर जरूरतमंद टीबी मरीजों के उपचार और पोषण संबंधी आवश्यकताओं में सहयोग कर सकते हैं।