संवाद न्यूज एजेंसी
शाहतलाई(बिलासपुर) सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के अंतर्गत तहसील कल्याण अधिकारी कार्यालय, झंडूता की ओर से नशामुक्त भारत अभियान के तहत ग्राम पंचायत दसलेहड़ा और नगर परिषद तलाई में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं सहित समाज के सभी वर्गों तक नशामुक्ति का संदेश पहुंचाना और जनभागीदारी को बढ़ावा देना रहा। कार्यक्रम के दौरान जन चेतना कला मंच, झंडूता के कलाकारों ने प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर नशे के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक दुष्प्रभावों को जीवंत तरीके से दर्शाया। कलाकारों ने बताया कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि परिवार और समाज को भी प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूरी बनाकर शिक्षा, खेलकूद और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों, महिला मंडलों, युवक मंडलों सहित करीब 100 लोगों ने भाग लिया। उपस्थित लोगों से नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय सहयोग देने तथा अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की अपील की गई। इस अवसर पर तहसील कल्याण अधिकारी झंडूता ने कहा कि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की ओर से संचालित नशमुक्त भारत अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग, विशेषकर युवाओं, को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना है।