एसबीआई प्रबंधक ने दी बैंकिंग सुविधाओं की जानकारी, साइबर ठगी से बचने के बताए उपाय
संवाद न्यूज एजेंसी
ऋषिकेश (बिलासपुर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय औहर में आयोजित राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सात दिवसीय विशेष शिविर के दूसरे दिन स्वयंसेवियों को बैंकिंग सेवाओं और डिजिटल वित्तीय लेन-देन के प्रति जागरूक किया गया। विशेष सत्र में भारतीय स्टेट बैंक की औहर शाखा के प्रबंधक एवं रिसोर्स पर्सन राजेंद्र कुमार शर्मा ने विद्यार्थियों को बैंकिंग की बुनियादी प्रक्रियाओं और डिजिटल सुविधाओं की जानकारी दी।
उन्होंने बचत खाता खोलने की प्रक्रिया, इसके लाभ और बैंक की विभिन्न सेवाओं के बारे में बताया। साथ ही एटीएम और डेबिट कार्ड के सुरक्षित इस्तेमाल, मोबाइल बैंकिंग, इंटरनेट बैंकिंग और यूपीआई से भुगतान करने का तरीका समझाया। उन्होंने कहा कि बैंकिंग सेवाओं का सही इस्तेमाल आर्थिक लेन-देन को आसान बनाने के साथ बचत की आदत विकसित करने में भी मददगार है।
शर्मा ने स्वयंसेवियों को साइबर ठगी के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि किसी अनजान फोन कॉल, फर्जी संदेश या संदिग्ध लिंक पर भरोसा न करें। बैंक कभी भी फोन या संदेश के माध्यम से ग्राहकों से ओटीपी, एटीएम पिन और पासवर्ड जैसी गोपनीय जानकारी नहीं मांगता। ऐसी जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करनी चाहिए।
प्रधानाचार्या सिमरो भटनागर और एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी सेना पाल संधू एवं कुशा चड्ढा ने राजेंद्र कुमार शर्मा का आभार जताया। उन्होंने कहा कि शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों को सामाजिक गतिविधियों से जोड़ने के साथ व्यावहारिक और जीवनोपयोगी जानकारी देना भी है।