- पाइप लाइन में जगह-जगह लीकेज होने से पानी हो रहा व्यर्थ
- लोगों ने कहा, विभाग जल्द करे समाधान, नहीं तो देंगे धरना
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं(बिलासपुर)। जल शक्ति विभाग घुमारवीं के हर घर नल का जल घरों की बजाय सड़कों पर बह रहा है। इससे रोजाना हजारों लीटर पानी बर्बाद हो रहा है। नगर परिषद घुमारवीं के तहत गांधी चौक से लेकर तहसील परिसर तक जाने वाली मुख्य सड़क पर करीब 10 जगहों पर पाइपों से पानी लीकेज होकर व्यर्थ सड़कों पर बह रहा है। जल शक्ति विभाग पेयजल पाइपों से हो रही इस लीकेज को रोक पाने में विफल साबित हो रहा है।
पिछले करीब छह माह से लाखों रुपये खर्च कर शहर में पहुंचाया जा रहा पानी घरों में पहुंचने की जगह सड़कों पर बह रहा है। विभाग इसकी सुध लेने को तैयार नहीं है। रोजाना हजारों लीटर व्यर्थ में सड़कों पर बह रहे पानी की बर्बादी को रोकने के लिए विभाग कोई भी कदम उठाने को तैयार नहीं है। स्थानीय लोग कई बार विभाग को इस बात से अवगत करवा चुके हैं। बताते चलें कि गांधी चौक से लेकर तहसील परिसर तक जाने वाली सड़क के बीचों-बीच पेयजल पाइप बिछाई गई है। जिसे बिछाए हुए कई वर्ष बीत चुके हैं। इस पाइप की हालत इतनी जर्जर हो चुकी है कि इसे कई वर्ष से बदला तक नहीं गया है, जबकि उसके बाद कई बार इस सड़क पर टारिंग की जा चुकी है। लोनिवि ने इस सड़क की टारिंग का काम जब शुरू किया गया था तब भी लोगों द्वारा जल शक्ति विभाग को इस समस्या से अवगत करवाया गया था कि पहले इस लीकेज को बंद करवाया जाए। विभाग ने उनकी मांग को अनदेखा कर दिया। इस पर पीडब्ल्यूडी विभाग ने सड़क की टारिंग कर दी। तीसरे ही दिन पूरी सड़क पर फिर से पानी की लीकेज शुरू हो गई। इससे सड़क में जगह-जगह गड्ढे हो गए। कुछ ही दिनों में टारिंग उखड़ना शुरू हो गई। गर्मियों का मौसम शुरू हो चुका है, ऐसे में हर वर्ष पूरे शहर में पानी की किल्लत रहती है। बावजूद इसके हजारों लीटर पानी रोजाना सड़कों पर व्यर्थ बह रहा है, लेकिन संबंधित विभाग इस पर कोई भी कार्रवाई करने को तैयार नहीं है।
लाइनों में हो रही इस लीकेज के चलते वहां पैदल चलने वाले लोगों को दिक्कत उठानी पड़ रही है, वहीं सड़क को भी क्षति पहुंच रही है। यही इस पानी से स्थानीय दुकानदारों को भी परेशानी हो रही है। वाहन चलाने से सड़क का पानी उचट कर दुकान में पहुंच रहा है। इससे दुकान में रखा सामान भी खराब हो रहा है। लोगों ने विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द इस लीकेज की समस्या को ठीक करवाया जाए अन्यथा स्थानीय दुकानदार जल शक्ति विभाग कार्यालय के बाहर धरना देने को मजबूर हो जाएंगे।
कोट
कुछ दिन पहले ही मामला ध्यान में आया है। इस सड़क पर चार-पांच स्थानों पर पेयजल पाइप में लीकेज हो रही है। इसके बाद काम शुरू करवाया गया है। दो-तीन जगह लीकेज बंद करवा दी गई है जल्द ही सारी पाइपलाइन ठीक करवा दी जाएगी।
मस्तराम चौहान सहायक अभियंता जल शक्ति विभाग घुमारवीं