- स्थानीय कलाकार लोगों को वोट करने के लिए करेंगे प्रेरित
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। जिला प्रशासन लोकसभा चुनाव 2024 में जिले में शत-प्रतिशत मतदान हो इसके लिए लोगों को जागरूक कर रहा है। इसी के तहत स्थानीय कलाकार लोगों को मेरा वोट मेरी ड्यूटी गीत के जरिए वोट करने के लिए प्रेरित करेंगे। इस गीत को नलवाड़ी मेले की पहली सांस्कृतिक संध्या पर लांच किया जाएगा।
उपायुक्त आबिद हुसैन सादिक ने कहा कि बिलासपुर में नलवाड़ी मेले की पहली सांस्कृतिक संध्या में स्वीप गतिविधियों के अंतर्गत शत-प्रतिशत मतदान के लिए प्रेरित करने के लिए फिल्माए गए स्वीप गीत मेरा वोट मेरी ड्यूटी को रात 8:00 बजे लांच किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिला स्वीप नोडल अधिकारी हेमंत नेगी की देखरेख में वॉइस ऑफ पंजाब के विजेता गौरव कौंडल ने ’मेरा वोट मेरी ड्यूटी’ गीत को गाया है, जबकि इस गाने को लिखने और निर्देशन में बिलासपुर कॉलेज में संगीत के असिस्टेंट प्रो. डॉक्टर मनोहर लाल शर्मा की अहम भूमिका रही है। इस वीडियो में हिमाचली मुंडा के नाम से मशहूर श्याम, भजन गायन के क्षेत्र में मशहूर अभिषेक सोनी, राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित फूला चंदेल, राम लाल पाठक, प्रिंस कपिल, अक्षय शर्मा, दाकक्षी सेन सहित बिलासपुर कॉलेज के दर्जनों लड़के-लड़कियां वीडियो में जिला वासियों से शत-प्रतिशत मतदान के लिए प्रेरित करते नजर आएंगे।