वर्तमान में 14 गैस एजेंसियों में 4791 सिलिंडर उपलब्ध
पेट्रोल 5459.24 केएल और डीजल 8043.32 केएल का भंडार
पेट्रोलियम आपूर्ति को लेकर अफवाहों से बचने की अपील
जमाखोरी, कालाबाजारी रोकने को 25 दिन की इंटर बुकिंग व्यवस्था लागू
प्रशासन की ओर से नियमित निरीक्षण अभियान भी जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। हाल के दिनों में पेट्रोलियम पदार्थों की आपूर्ति करने वाले देशों के बीच युद्ध के चलते गैस सिलिंडरों और अन्य पेट्रोलियम पदार्थों की उपलब्धता को लेकर लोगों में आशंका का माहौल बन रहा है। इस पर जिला प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि जिले में गैस सिलेंडरों और पेट्रोलियम पदार्थों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और उनकी आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है।
उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने बताया कि जिले में वर्तमान समय में 14 गैस एजेंसियां कार्यरत हैं। इन एजेंसियों के पास करीब 4791 गैस सिलिंडरों का स्टॉक उपलब्ध है, जिससे उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की दिक्कत नहीं होगी। उन्होंने कहा कि गैस की सप्लाई नियमित रूप से जारी है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। बताया कि गैस सिलिंडरों के अलावा पेट्रोल और डीजल का भी जिले में पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। वर्तमान में जिला में पेट्रोल का 5459.24 किलोलीटर और डीजल का 8043.32 किलोलीटर स्टॉक मौजूद है, जो जिले की आवश्यकताओं के अनुरूप पर्याप्त माना जा रहा है। उपायुक्त ने कहा कि आम जनता को गैस सिलिंडरों या पेट्रोलियम पदार्थों की उपलब्धता को लेकर किसी भी तरह की चिंता करने की जरूरत नहीं है। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है ताकि आपूर्ति व्यवस्था सुचारू बनी रहे। उन्होंने बताया कि पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय की ओर से गैस सिलिंडरों की जमाखोरी और कालाबाजारी को रोकने के लिए 25 दिनों की इंटर बुकिंग सुविधा लागू की गई है। इस व्यवस्था के तहत उपभोक्ता निर्धारित अवधि के बाद ही नया सिलिंडर बुक कर सकते हैं। इससे गैस की अनावश्यक जमाखोरी पर रोक लगेगी और सभी उपभोक्ताओं को समय पर सिलिंडर उपलब्ध हो सकेंगे। बताया कि जिला प्रशासन की ओर से खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के माध्यम से नियमित निरीक्षण अभियान भी चलाए जा रहे हैं। इन अभियानों के तहत गैस एजेंसियों और पेट्रोल पंपों की जांच की जा रही है, ताकि किसी प्रकार की जमाखोरी या कालाबाजारी की स्थिति उत्पन्न न हो। जिले के लोगों से अपील की कि गैस सिलिंडर और पेट्रोलियम पदार्थों की आपूर्ति को लेकर किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और निर्धारित समय के अनुसार ही सिलिंडर की बुकिंग करवाएं, ताकि सभी उपभोक्ताओं को बिना किसी परेशानी के सुविधाएं मिलती रहें।