आर्ट ऑफ लिविंग परिवार के कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जुटे साधक
ध्यान-योग से दिया तनावमुक्त जीवन का संदेश
संवाद न्यूज एजेसी
बिलासपुर। विश्व प्रसिद्ध आध्यात्मिक गुरु श्री श्री रविशंकर के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में बिलासपुर में आर्ट ऑफ लिविंग परिवार की ओर से विशेष सुदर्शन क्रिया फॉलोअप एवं सत्संग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में साधकों ने भाग लेकर आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव किया तथा गुरुजी के संदेशों को आत्मसात किया।
कार्यक्रम की शुरुआत ध्यान, प्राणायाम एवं सुदर्शन क्रिया से हुई। इस दौरान साधकों ने मानसिक शांति, सकारात्मक ऊर्जा एवं आत्मिक संतुलन का अनुभव किया। इसके बाद आयोजित सत्संग में भजन-कीर्तन और गुरु वंदना के माध्यम से श्रद्धा एवं भक्ति का माहौल बना रहा। इस अवसर पर आर्ट ऑफ लिविंग की जिला समन्वयक रचना मेहता ने संस्था की ओर से संचालित विभिन्न सामाजिक एवं आध्यात्मिक गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आर्ट ऑफ लिविंग केवल योग और ध्यान तक सीमित नहीं है, बल्कि मानव सेवा, तनाव मुक्ति, युवाओं के व्यक्तित्व विकास, नशा मुक्ति, पर्यावरण संरक्षण तथा ग्रामीण उत्थान जैसे क्षेत्रों में भी निरंतर कार्य कर रही है। वर्तमान में भागदौड़ भरी जीवनशैली में तनाव और मानसिक दबाव लगातार बढ़ रहे हैं। ऐसे में सुदर्शन क्रिया एवं ध्यान व्यक्ति को मानसिक शांति, नई ऊर्जा और सकारात्मक सोच प्रदान करते हैं। नियमित रूप से योग, ध्यान और सत्संग से जुड़ने का आह्वान भी किया। कार्यक्रम के दौरान साधकों ने गुरुजी के जीवन एवं शिक्षाओं से जुड़े अपने अनुभव साझा किए और मानवता, प्रेम और सेवा के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। पूरे आयोजन में भक्तिमय एवं आध्यात्मिक वातावरण बना रहा। अंत में सभी साधकों ने गुरुजी के उत्तम स्वास्थ्य एवं विश्व शांति की प्रार्थना की।