बिलासपुर। जिला बिलासपुर में एड्स दिवस पर बुधवार को कई स्थानों में जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों में स्कूली बच्चों और युवाओं से लेकर शिक्षक वर्ग ने बढ़ चढ़कर भाग लिया। कई क्षेत्रों में रैली निकाल कर लोगों को एड्स से बचाव का संदेश देते हुए जागरूक किया गया।
शिवा इंटरनेशनल स्कूल के स्वयंसेवियों लोगों को जागरूक करने के लिए रैली निकाली। कार्यक्रम अधिकारी शशि भूषण व खेमा शर्मा के नेतृत्व में रैली का आयोजन किया गया। इस रैली में विभिन्न नारों व पोस्टरों के माध्यम से एड्स के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। रैली स्कूल प्रांगण से बरोटा गांव होते हुए घुमारवीं तक निकाली गई। इस अवसर पर प्रबंधक इंजीनियर पुरुषोत्तम शर्मा व प्रधानाचार्या डॉक्टर शिल्पा गोयल भी उपस्थित रहे।
वहीं स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग सदर ब्लॉक मारकंडा के सौजन्य से डॉक्टर सतीश कवंर खंड चिकित्सा अधिकारी के दिशा निर्देश में बुुधवार को विश्व एड्स दिवस शिवालिक पब्लिक स्कूल जुखाला में मनाया गया। कार्यक्रम में हेल्थ एजुकेटर ने एचआईवी एड्स पर विस्तार से जानकारी प्रदान की। वहीं राजकीय महाविद्यालय बिलासपुर में रेड रिबन क्लब की तरफ से कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि के रुप में महाविद्यालय प्राचार्य प्रोफेसर नीना वासुदेवा ने शिरकत की।
महाविद्यालय प्राचार्य ने अपने संबोधन में कहा कि युवाओं को एड्स के बारे में जागरूक करना बहुत जरूरी है। क्योंकि कई ऐसी भ्रांतियां हैं जो इस बीमारी के बारे में लोगों के मन में बैठी हुई है केवल जागरूकता ही एकमात्र उपाय है। कार्यक्रम में पोस्टर मेकिंग तथा स्लोगन राइटिंग प्रतियोगिता भी हुई।
स्लोगन राइटिंग में पहला इनाम अंशुल, दूसरा इनाम भावना तथा तीसरा इनाम आयुषी को दिया गया। वहीं पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में पहला इनाम कोमल दूसरा शिवानी और तीसरा रितिका को मिला। इस अवसर पर रेड रिबन इंचार्ज प्रोफेसर वंदना और प्रोफेसर ज्योति भी उपस्थित रहे।