घुमारवीं स्कूल में हुईं भाषण और पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिताएं
सैनिटरी पैड का नियमित इस्तेमाल और स्वच्छता है बेहद जरूरी : लीला शर्मा
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं(बिलासपुर)। शहीद विजयपाल मेमोरियल मुख्यमंत्री आदर्श राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला घुमारवीं में मासिक धर्म स्वच्छता दिवस मनाया गया। कार्यक्रम खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. आशुतोष शर्मा के निर्देशानुसार और प्रधानाचार्य परमजीत की अध्यक्षता में आयोजित हुआ।
स्वास्थ्य शिक्षिका लीला शर्मा ने छात्राओं को मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता बनाए रखने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह एक प्राकृतिक प्रक्रिया है और इससे जुड़ी भ्रांतियों को दूर करना जरूरी है। बदलती जीवनशैली, प्रदूषण और आहार में रसायनों के कारण कम उम्र में ही हार्मोनल बदलाव हो रहे हैं। बताया कि संक्रमण से बचाव के लिए 4 से 6 घंटे में सैनिटरी पैड बदलना चाहिए और सही तरीके से निपटान करना जरूरी है। सरकार किशोरियों को मुफ्त सैनिटरी पैड भी उपलब्ध करवा रही है। कार्यक्रम में भाषण और पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता भी करवाई गई। भाषण में रिया शेख और पोस्टर मेकिंग में प्रांजलि ने पहला स्थान पाया। सभी विजेताओं को पुरस्कार दिए गए। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग से किशोर स्वास्थ्य समन्वयक सुभाष चौहान, स्वास्थ्य पर्यवेक्षिका सुनीता सेन और स्कूल स्टाफ मौजूद रहा।