-कोठी स्कूल में कॅरिअर काउंसलिंग गाइडेंस विषय पर व्याख्यान आयोजित
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। स्वामी विवेकानंद राजकीय महाविद्यालय घुमारवीं के प्राध्यापकों ने कॅरिअर काउंसलिंग गाइडेंस विषय पर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोठी में व्याख्यान का आयोजन किया।
इसमें विद्यार्थियों को आगामी सत्र में प्रवेश के लिए जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम में कॉलेज की ओर से डॉ. हंसा, डॉ, अंजु, डॉ. अरुण और सहायक आचार्य राकेश ने विद्यार्थियों को बीए, बीएससी, बीबीए, बीसीए सहित प्रोफेशनल कोर्स के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इसमें विद्यार्थियों को प्रवेश प्रक्रिया के तहत ऑनलाइन फॉर्म भरने की प्रक्रिया से अवगत करवाया गया। विद्यार्थियों को उच्चतर शिक्षा के साथ-साथ खेल और शारीरिक शिक्षा के महत्व के बारे में भी जानकारी प्रदान की गई, ताकि बच्चों का सर्वांगीण विकास हो सके।
कोठी स्कूल के प्रधानाचार्य राकेश ने कॉलेज प्रबंधन का धन्यवाद किया और भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से बच्चों की जागरूकता का स्तर बढ़ता है और उनके व्यक्तित्व का विकास होता है। कॉलेज प्राचार्य डॉ. राकेश राणा ने बताया कि हिमाचल स्कूल अडॉप्शन कार्यक्रम के तहत कोठी स्कूल को गोद लिया गया है जिसके तहत यह कार्यक्रम करवाया गया। महाविद्यालय स्तर पर गठित स्कूल एडॉप्शन कमेटी के मुख्य समन्वयक प्रो. विवेक कुमार ने बताया कि घुमारवीं कॉलेज ने आसपास के छह स्कूलों को गोद लिया है। भविष्य में अन्य स्कूलों में भी इस तरह के कार्यक्रम का आयोजन करवाया जाएगा।