राजकीय महाविद्यालय झंडूता में एनएसएस शिविर के समापन समारोह में उपस्थित मुख्यातिथि और स्वयंसेवी।
झंडूता कॉलेज में एनएसएस शिविर का समापन
संवाद न्यूज एजेंसी
झंडूता (बिलासपुर)। राजकीय महाविद्यालय झंडूता में एनएसएस इकाई के सात दिवसीय शिविर का सोमवार को समापन हुआ। इसकी अध्यक्षता कॉलेज के प्राचार्य प्रो. डॉ. संजय कुमार ने की।
इस दौरान एनएसएस शिविर प्रभारी प्रो. प्रतीक देसवाल ने सात दिनों में की गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि स्वच्छता अभियान, पौधरोपण, पर्यावरण संरक्षण रैली, नशा निवारण जागरूकता रैली जैसे कार्यक्रम शिविर के दौरान आयोजित किए गए। शिविर में सेवानिवृत्त उच्च शिक्षा उपनिदेशक डॉ. राकेश भारद्वाज ने बतौर मुख्यातिथि और डॉ. वसुंधरा भारद्वाज ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की। मुख्यातिथि ने छात्रों को एआई से भविष्य में आने वाली चुनौतियों के बारे में जानकारी दी। उसके दुष्प्रभावों से बचने के उपायों के बारे में बताया।
डॉ. वसुंधरा ने एनएसएस स्वयंसेवियों को श्रीमद्भगवद्गीता को आधार बनाकर अपने जीवन में अच्छे गुणों को धारण करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को सफलता के पांच सूत्र भी दिए। दोनों अतिथियों ने महाविद्यालय के लिए 10,000 रुपये की सहयोग राशि भी दी। इस अवसर पर महाविद्यालय का अध्यापक वर्ग और स्वयंसेवी उपस्थित रहे।