मंदिर न्यास और प्रशासन ने पूरी की तैयारियां
देश-विदेश से पहुंचेंगे श्रद्धालु, मंदिर को सजाया
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहतलाई (बिलासपुर)। बाबा बालक नाथ की तपोभूमि शाहतलाई में नववर्ष के आगमन के लिए मंदिर को दुल्हन की तरह सजाया है। मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा के नए साल के उपलक्ष्य पर मंदिर को 24 घंटे खुला रखने का निर्णय लिया है।
मंदिर न्यास और प्रशासन ने बाबा की तपोस्थली तलाई में नववर्ष पर आने वाले श्रद्धालुओं को लेकर पुख्ता इंतजाम कर लिए है। वहीं सिद्धपीठ बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध में नववर्ष पर विशेष कार्यक्रम होगा। इस दौरान बाबा बालक नाथ के महंत श्री श्री 1008 राजेंद्र गिरी जी महाराज भक्तों को दो दिन नाम दान भी देंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर न्यास ने मंदिर को 24 घंटे खुला रखने का निर्णय लिया है। इससे श्रद्धालु आसानी से दर्शन कर सकेंगे। नववर्ष पर दियोटसिद्ध में हिमाचल के अलावा पंजाब, हरियाणा, दिल्ली सहित विदेशों से भी काफी संख्या में श्रद्धालु माथा टेकने पहुंचते हैं।