student can get laptop 10 to 18 june 2022 in bilaspur district
बिलासपुर। श्रीनिवास रामानुजन स्टूडेंट डिजिटल योजना के तहत सम्मान न ले पाने वाले मेधावी विद्यार्थियों ने लैपटॉप वितरण का नया शेड्यूल तय कर दिया है। इसके तहत पात्र मेधावी विद्यार्थी 10 से 18 जून के बीच आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर सम्मान स्वरूप सरकार की ओर से भेंट किए जा रहे लैपटॉप प्राप्त कर सकते हैं।
बता दें कि प्रदेश सरकार की ओर से स्कूल शिक्षा बोर्ड और कॉलेज परीक्षाओं की मेरिट लिस्ट में शामिल मेधावी विद्यार्थियों लैपटॉप देकर सम्मानित करने के लिए प्रदेशभर में 8 जून को कार्यक्रम आयोजित किए गए थे। इन कार्यक्रमों के जरिये शिक्षा सत्र 2018-19 और 2019-20 के मेधावी छात्र-छात्राओं को श्री निवास रामानुजन विद्यार्थी डिजिटल योजना के अंतर्गत लैपटॉप भेंट किए गए। बिलासपुर जिले में भी विधानसभा क्षेत्र अनुसार लैपटॉप वितरण कार्यक्रम आयोजित हुए। बावजूद इसके, अभी भी काफी संख्या में पात्र मेधावी विद्यार्थी लैपटॉप नहीं ले पाए हैं।
शिक्षा उपनिदेशक उच्च राज कुमार ने देते हुए बताया कि जो मेधावी आठ जून को अपने लैपटॉप किन्हीं कारणों से प्राप्त नहीं कर सके हैं वह अब 10 से 18 जून के बीच प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्रवार निर्धारित अवधि के बीच लैपटॉप का वितरण होगा।
सदर विधानसभा क्षेत्र में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कन्या बिलासपुर में, झंडूता विधानसभा के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला झंडूता में, घुमारवीं विधानसभा के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला छात्र घुमारवीं में तथा श्री नयना देवी विधानसभा के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला स्वारघाट में स्कूल के समय के अनुसार लैपटॉप प्राप्त कर सकते हैं। लैपटॉप प्राप्त करने के लिए सभी मेधावी विद्यार्थियों को अपने साथ आधार कार्ड की प्रतिलिपि और विभाग का फोटोयुक्त सत्यापित प्रपत्र साथ लाएं।
उन्होंने कहा कि यदि कोई मेधावी छात्र व छात्रा किसी कारण वश इन तिथियों में उपस्थित नहीं हो पा रहा है तो उनके माता व पिता लैपटॉप प्राप्त कर सकते हैं। इस बाबत संबंधित स्कूलों को शिक्षा उपनिदेशक कार्यालय से आदेश जारी कर दिए हैं।