बिलासपुर में पेन डाउन स्ट्राइक के दौरान मौजूद एनपी एसईए के पदाधिकारी व सदस्य।
- फोटो : BILASPUR
बिलासपुर। न्यू पेंशन स्कीम कर्मचारी महासंघ के आह्वान पर हिमाचल प्रदेश के समस्त कर्मचारियों ने सरकारी कार्यालयों में सुबह 11 से दोपहर एक बजे तक पेन डाउन हड़ताल की।
महासंघ के जिला अध्यक्ष राजेंद्र कुमार ने कहा कि सभी पेंशन विहीन कर्मचारी लगातार पुरानी पेंशन बहाली के लिए प्रयासरत हैं। समय-समय पर सरकार के समक्ष पुरानी पेंशन बहाली के लिए अपनी मांग विभिन्न तरीकों से रखी गई है लेकिन सरकार अभी तक कुछ नहीं किया है। जिस कारण पिछले कुछ समय से कर्मचारी पुरानी पेंशन बहाली के लिए आंदोलन कर रहे हैं। इसी कड़ी में हिमाचल प्रदेश के हर एक कर्मचारी द्वारा पेन डाउन स्ट्राइक की गई। नई पेंशन स्कीम कर्मचारी महासंघ द्वारा हिमाचल प्रदेश के सभी कर्मचारी संगठनों से भी समर्थन मांगा था। राज्य कोषाध्यक्ष शशिपाल शर्मा ने कहा कि नई पेंशन स्कीम कर्मचारी महासंघ सभी कर्मचारी संगठनों का धन्यवादी है, जिन्होंने समर्थन दिया। उन्होंने मुख्यमंत्री से अपना वादा निभाने का भी अनुरोध किया और कहा कि आप यू टर्न न लें अपने दृष्टि पत्र के अनुसार किए गए वादे को पूरा करें। सदर खंड के प्रधान अजय कुमार डोड ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा 6 मार्च 2003 से 2017 के बीच सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों के लिए ग्रेच्युटी की घोषणा की थी। यह अधिसूचना भी जल्द लागू की जाए। यदि सरकार कर्मचारियों के विश्वास को तोड़ेगी तो कर्मचारी अपनी मांग को मनवाने के लिए इसी तरह लगातार आंदोलन करते रहेंगे।