फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bilaspur News: एम्स बिलासपुर में लगेंगी अत्याधुनिक ऑटोमेटिक सीपीआर मशीनें

Wed, 03 Jun 2026 11:29 PM IST
शिमला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बिलासपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
कार्डियक अरेस्ट मरीजों को मिलेगा बेहतर जीवन रक्षक उपचार
विज्ञापन

मरीज को एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जाते समय भी उपचार में नहीं आएगी बाधा

संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। एम्स बिलासपुर में गंभीर मरीजों के उपचार को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए दो अत्याधुनिक ऑटोमेटिक सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) मशीनें खरीदी जाएंगी। इसके लिए संस्थान ने निविदा जारी कर दी है। मशीनों की खरीद पर करीब एक करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इन उपकरणों के अस्पताल में आने से हृदय गति रुकने, गंभीर दुर्घटनाओं और अन्य आपातकालीन स्थितियों में मरीजों को तेजी से जीवन रक्षक सहायता उपलब्ध कराई जा सकेगी।
जानकारी के अनुसार अस्पताल के लिए दो ऑटोमेटिक सीपीआर मशीनें खरीदी जानी हैं। चिकित्सा विशेषज्ञों के अनुसार कार्डियक अरेस्ट की स्थिति में पहले कुछ मिनट सबसे महत्वपूर्ण होते हैं। ऐसे समय में मरीज को लगातार और सही तरीके से सीपीआर मिलना जीवन बचाने के लिए बेहद जरूरी होता है। ऑटोमेटिक सीपीआर मशीन मरीज की छाती पर निर्धारित गति और दबाव के साथ लगातार कंप्रेशन देती है, जिससे शरीर के महत्वपूर्ण अंगों तक रक्त और ऑक्सीजन का प्रवाह बना रहता है। मशीन लंबे समय तक बिना थके एक समान गुणवत्ता का सीपीआर देने में सक्षम होती है, जबकि मैनुअल सीपीआर में समय के साथ गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है। इन मशीनों का उपयोग आपातकालीन विभाग, आईसीयू, ऑपरेशन थियेटर, एम्बुलेंस और गंभीर रोगियों के उपचार के दौरान किया जा सकता है। विशेष रूप से हृदयाघात, गंभीर सड़क दुर्घटनाओं, डूबने, बिजली के झटके और अन्य ऐसी स्थितियों में, जहां मरीज की सांस या हृदय गति रुक जाती है, यह मशीन काफी उपयोगी साबित होती है। मरीज को एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जाते समय भी मशीन लगातार सीपीआर देती रहती है, जिससे उपचार में बाधा नहीं आती। निविदा में मशीनों की आपूर्ति, स्थापना, परीक्षण, कमीशनिंग, स्वास्थ्य कर्मियों को प्रशिक्षण तथा आवश्यक तकनीकी सहायता को भी शामिल किया गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन

इनसेट
क्या है ऑटोमेटिक सीपीआर मशीन
ऑटोमेटिक सीपीआर मशीन एक जीवन रक्षक उपकरण है, जो हृदय गति रुकने पर मरीज की छाती पर स्वचालित रूप से दबाव डालकर रक्त संचार बनाए रखती है। यह मशीन निर्धारित मानकों के अनुसार लगातार और सटीक चेस्ट कंप्रेशन देती है, जिससे मरीज के जीवित बचने की संभावना बढ़ जाती है। इसके मुख्य फायदे यह हैं कि कार्डियक अरेस्ट मरीजों को तुरंत जीवन रक्षक सहायता मिलेगी, लगातार और मानक गुणवत्ता का सीपीआर मिलेगा, स्वास्थ्य कर्मियों का शारीरिक श्रम कम होगा मरीज को शिफ्ट करते समय भी सीपीआर जारी रहेगा, गंभीर मरीजों के बचने की संभावना बढ़ेगी, आईसीयू, आपातकालीन वार्ड और एम्बुलेंस में उपयोगी साबित होगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें