-शपथ के बाद भाजपा करेगी अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के नामों की घोषणा
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। नगर परिषद बिलासपुर के नवनिर्वाचित पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह 8 जून को होगा। समारोह में सभी 11 नवनिर्वाचित पार्षदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई जाएगी। शपथ ग्रहण के बाद नगर परिषद की नई कार्यकारिणी के गठन की प्रक्रिया भी आगे बढ़ेगी और अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद को लेकर स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।
नगर परिषद चुनाव में इस बार भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 11 में से 9 वार्डों में जीत दर्ज की है, जबकि कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार दो वार्डों में विजयी रहे हैं। चुनाव परिणामों के बाद नगर परिषद में भाजपा का स्पष्ट बहुमत होने से अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों पदों पर भाजपा समर्थित पार्षदों का चयन लगभग तय माना जा रहा है। सूत्रों के अनुसार भाजपा शपथ ग्रहण समारोह के बाद दोनों पदों के लिए अपने प्रत्याशियों के नामों की औपचारिक घोषणा कर सकती है। नगर परिषद की नई कार्यकारिणी के गठन को लेकर शहर में भी उत्सुकता बनी हुई है। लोगों को उम्मीद है कि नई परिषद शहर के विकास, स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल, सड़क, स्ट्रीट लाइट और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े लंबित कार्यों को प्राथमिकता देगी। लंबे समय से नगर परिषद से जुड़े कई विकासात्मक प्रस्ताव नई कार्यकारिणी के गठन की प्रतीक्षा में हैं, जिन्हें अब जल्द गति मिलने की संभावना है।