98 हजार से अधिक उपभोक्ताओं को मिलेगा योजना का लाभ
डिवीजन में कुल 98,590 उपभोक्ताओं के लगेंगे स्मार्ट मीटर
प्रीपेड सिस्टम से उपभोक्ताओं को मिलेगा बिलिंग में नया अनुभव
संजीव शामा
घुमारवीं (बिलासपुर)। घुमारवीं बिजली बोर्ड डिवीजन के अंतर्गत उपभोक्ताओं के लिए बिजली व्यवस्था को आधुनिक और पारदर्शी बनाने के लिए स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। इस योजना के तहत अब सभी घरों के पुराने बिजली मीटरों को बदलकर नए स्मार्ट मीटर लगाए जाएंगे।
घुमारवीं बिजली बोर्ड डिवीजन के तहत कुल 98,590 स्मार्ट मीटर स्थापित किए जाने हैं, जिनमें 95,000 घरेलू उपभोक्ताओं और 3,590 मीटर अन्य स्थानों पर लगाए जाएंगे। यह आधुनिक तकनीक बिजली चोरी पर नियंत्रण और बिजली खपत के सटीक रिकाॅर्ड के लिए बेहद उपयोगी साबित होगी। फिलहाल कार्य की शुरुआत ट्रांसफार्मरों के पास स्मार्ट मीटर लगाने से की गई है। इन मीटरों से बिजली बोर्ड को यह पता चलेगा कि प्रतिदिन किसी क्षेत्र में कितनी बिजली खर्च हो रही है, लोड कितना है और ट्रांसफार्मर पर कितना दबाव पड़ रहा है। इससे लोड मैनेजमेंट और बिजली मांग का पूर्वानुमान लगाने में मदद मिलेगी। स्मार्ट मीटरों की एक खासियत यह भी है कि ये प्रीपेड प्रणाली पर काम करेंगे। यानी उपभोक्ताओं को बिजली उपयोग से पहले अपने खाते को रिचार्ज करना होगा। इससे उपभोक्ताओं को बिल का इंतजार नहीं करना पड़ेगा और विभाग को बिल वितरण तथा वसूली की झंझट से भी मुक्ति मिलेगी। इसके अलावा उपभोक्ता अपने बिजली खपत का पूरा ब्योरा ऑनलाइन देख सकेंगे। अगर कोई उपभोक्ता अपने निर्धारित लोड से अधिक बिजली खर्च करेगा तो उसका बिल उसी अनुपात में बढ़ जाएगा। साथ ही बिजली बोर्ड अब किसी भी उपभोक्ता का कनेक्शन ऑनलाइन माध्यम से जोड़ या काट सकेगा, जिससे कर्मचारियों को घर-घर जाकर कार्य नहीं करना पड़ेगा।
कोट
स्मार्ट मीटर व्यवस्था से बिजली प्रणाली पूरी तरह पारदर्शी और डिजिटल बन जाएगी। इससे बिजली चोरी पर अंकुश, राजस्व में वृद्धि होगी और उपभोक्ताओं को अपनी खपत पर नियंत्रण जैसी कई सुविधाएं मिलेंगी। यह पहल घुमारवीं डिवीजन में डिजिटल बिजली प्रबंधन की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।
-कर्ण चंदेल, अधिशासी अभियंता बिजली बोर्ड, घुमारवीं