स्वारघाट क्षेत्र में नटनी की ढांक से हो रहा भूस्खलन।
- फोटो : BILASPUR
स्वारघाट (बिलासपुर)।उपमंडल स्वारघाट के तहत ग्राम पंचायत टाली जगातखाना की ज्योरीपतन बनेर संपर्क सड़क नटनी की ढांक में बार-बार भूस्खलन होने से बाधित हो रही है। सड़क पर सफर करना राहगीरों के लिए जोखिम भरा बना हुआ है। मार्ग बंद होने से स्वारघाट उपमंडल की दो पंचायतों टाली जकातखाना और तनबौल के सैकड़ों लोगों को दूसरे मार्ग से होकर जाना पड़ रहा है। भूस्खलन के कारण सड़क पर चिकनी मिट्टी होने से छोटे-बड़े वाहन फंस जाते हैं।
बरसात के मौसम में पहाड़ी से भूस्खलन होने के कारण भारी मात्रा में मिट्टी, पत्थर और मलबा सड़क पर गिर जाता है। इससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। मार्ग पूर्ण रूप से अवरुद्ध हो जाता है। लोक निर्माण विभाग को भी बार-बार मार्ग खोलने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ती है। सड़क से मिट्टी को हटाया तो जाता है लेकिन इसका अभी तक कोई पुख्ता हल निकलता दिखाई नहीं दे रहा है।
बता दें कि इस संपर्क मार्ग पर सरकारी और निजी बस रूट चलते थे लेकिन अब वे बंद हैं।
स्वाहण वार्ड के जिला परिषद सदस्य सरदार मान सिंह धीमान, कुटैहला व मंझेड़ पंचायत के बीडीसी सदस्य रंगी राम ठाकुर, टाली जकातखाना पंचायत की बीडीसी सदस्य बबली देवी, तनबौल पंचायत की बीडीसी सदस्य वीना देवी ने नटनी की ढांक पर जाकर जायजा लिया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग और प्रदेश सरकार से आग्रह किया कि बरसात में होने वाली इस समस्या का स्थायी समाधान किया जाए, ताकि जनता को सड़क सुविधा का लाभ मिल सके।