बेतरतीब पार्किंग से बार-बार लग रहा जाम
प्रशासन ने दिवाली के चलते दुकान लगाने की दी थी अनुमति
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। शहर में त्योहारी सीजन के चलते दुकानदारों ने सड़क और फुटपाथ पर दुकानें सजा रखी हैं। इससे लोगों को जान जोखिम में डालकर सड़क पर चलना पड़ रहा है। रही सही कसर बेतरतीब पार्किंग ने पूरी कर दी है। इससे शिमला-धर्मशाला सड़क पर बार-बार जाम स्थिति बन रही है।
पहले तो प्रशासन की ओर से फुटपाथ और दुकानों के बाहर सामान सजाने की अनुमति नहीं दी जा रही थी। बाद में व्यापार मंडल और दुकानदारों ने प्रशासन के साथ बैठक कर दिवाली तक सेल लगाने की मोहल्लत मांगी। इस पर प्रशासन ने उन्हें त्योहारी सीजन को देखते हुए छूट दे दी। अब दिवाली खत्म हुए दो दिन बीत चुके हैं लेकिन दुकानदार अभी भी फुटपाथ और सड़कों पर अतिक्रमण किए बैठे हैं। हाल यह है कि लोगों को अब आवागमन के लिए सड़क के बीचोबीच चलना पड़ रहा है।
सबसे बड़ी परेशानी राष्ट्रीय राजमार्ग शिमला-मटौर पर देखी जा सकती है। इस सड़क के दोनों तरफ दुकानदारों ने बड़े-बड़े टेंट लगाकर फुटपाथ के बाहर तक अतिक्रमण किया है। त्योहारों के चलते शहर में ग्राहकों की भीड़ भी बहुत है। इससे पैदल चलने के लिए फुटपाथ नहीं मिल रहा है। हालांकि पुलिस दिवाली के दिन एक्शन मोड में जरूर दिखी थी। सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक ही दिन में 63 चालान किए गए थे। अब स्थिति दोबारा ज्यों कि त्यों बनी है। ऐसा महसूस होता है जैसे लोगों की तकलीफ से किसी को कोई सरोकार ही नहीं है।
दुकानदारों ने दिवाली के दो दिन बाद तक सेल लगाने की अनुमति मांगी थी। इसे प्रशासन ने माना था। यदि कल के बाद दुकानदारों ने सामान नहीं हटाया तो कार्रवाई की जाएगी।
गौरव चौधरी, एसडीएम, घुमारवीं।