कॉल डाटा खंगाल रही पुलिस, दो दिन पहले काम छोड़कर गए व्यक्ति की तलाश
मलोट में भेड़पालक की तेजधार हथियार से हुई थी हत्या
साथी ने एक व्यक्ति पर जताया है हत्या का संदेह
संवाद न्यूज एजेंसी
भराड़ी (बिलासपुर)। तलाई थाना क्षेत्र की सलवाड पंचायत के मलोट इलाके में भेड़पालक की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस जांच तेज हो गई है। पुलिस शक के आधार पर कुछ लोगों से पूछताछ कर रही है। साथ ही मृतक की कॉल हिस्ट्री और मोबाइल डाटा भी खंगाला जा रहा है, ताकि वारदात से जुड़ा कोई अहम सुराग मिल सके।
पुलिस उस व्यक्ति की भी तलाश कर रही है जो घटना से दो दिन पहले मृतक के पास काम छोड़कर चला गया था। जांच टीम हर पहलू को जोड़कर हत्या के कारण और आरोपी तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। हालांकि अभी तक हत्या की असली वजह सामने नहीं आ पाई है। बता दें कि शुक्रवार रात मलोट क्षेत्र में अज्ञात हमलावर ने भेड़पालक संजू का गला काटकर उसकी हत्या कर दी थी। वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
मृतक संजू (पुत्र गौरीदत्त) जिला कुल्लू के खोपरी गांव का रहने वाला था और पेशे से भेड़पालक था। हर साल की तरह इस बार भी वह अपनी भेड़ों के साथ ऊपरी क्षेत्रों से निचले इलाकों की ओर आया हुआ था। पिछले करीब छह दिनों से वह सलवाड पंचायत के मलोट क्षेत्र में भेड़ों के साथ डेरा डाले हुए था। जानकारी के अनुसार उसके साथ दो अन्य लोग भी काम करते थे, लेकिन उनमें से एक व्यक्ति घटना से दो दिन पहले ही वहां से चला गया था। वारदात वाली रात संजू खाना खाने के बाद अपने स्लीपिंग बैग में सो गया था, जबकि उसका दूसरा साथी थोड़ी दूरी पर सोया हुआ था। दूसरे साथी ने एक व्यक्ति पर हत्या का संदेह जताया है, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है। घटनास्थल से हत्या में इस्तेमाल हथियार बरामद नहीं हुआ है और मृतक का मोबाइल फोन भी गायब है। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि हत्यारा मोबाइल अपने साथ ले गया हो। पुलिस अधीक्षक संदीप धवल ने बताया कि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों से पूछताछ की जा रही है और घटना से दो दिन पहले काम छोड़कर गए व्यक्ति की तलाश के लिए भी टीमें गठित की गई हैं। जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।