घुमारवीं शहर में सीवरेज से बहता गंदा पानी। संवाद
-स्थानीय लोगों, व्यापारियों को झेलनी पड़ रही है परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। नगर परिषद घुमारवीं के तहत शहर में सीवरेज व्यवस्था समुचित देखरेख के अभाव में लोगों के लिए आफत बन गई है। शहर के कई चैंबरों की सफाई नहीं होने के कारण इसका गंदा पानी सड़कों पर बहना अब आम बात हो गई है। इससे गंदगी के साथ फैल रही दुर्गंध से लोगों को परेशान होना पड़ रहा है।
सीवरेज का गंदा पानी लगातार सड़कों पर बहने के कारण कई स्थानों पर सड़कों की स्थिति बहुत ही खराब हो चुकी हे। यही हाल शहर के मुख्य द्वार दकड़ी चौक के पास है जहां पर पिछले करीब एक हफ्ते से सीवरेज चैंबर ओवरफ्लो हो रहा है और गंदा पानी सड़क पर जमा हो रहा है। ऐसे में दुकानदारों की बिक्री पर भी असर पड़ रहा है। ग्राहक दुकानों पर आने से कतराने लगे हैं। कई जगह तो हालात ऐसे हैं कि सड़क पर सीवरेज के गंदे पानी का तालाब बन गया है। लेकिन विभाग आंखें बंद करके बैठा है। बताते चलें कि हर दूसरे तीसरे दिन शहर के बीचों बीच सीवरेज टैंक ओवरफ्लो होते हैं जिससे शहर के लोग परेशान हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जल शक्ति विभाग के कर्मचारी शिकायत के उपरांत सीवरेज को अन ब्लॉक तो कर देते हैं लेकिन हर दूसरे दिन स्थिति दोबारा ऐसी हो जाती है। लोगों का कहना है कि सीवरेज के इस गंदे पानी का सड़कों पर बहना बीमारियों को न्योता दे रहा है। क्योंकि सड़कों पर बहती हुई या गंदगी लोगों के पैरों से होती हुई घरों तक पहुंच रही है जिस कारण शहर में बीमारियां फैलने का खतरा बढ़ गया है।
कोट
मामला ध्यान में आया था जिसके बाद मौके पर कर्मचारियों को भेजा गया था। लेकिन मौके पर पाया गया कि यह सीवरेज का पानी नहीं है। यहां पर सड़क किनारे बनाई गई नालियां बंद पड़ी हैं। इन नालियों में लोगों ने अपने घरों की बाथरूम और रसोई घर के पानी की निकासी पाइप डाल रखी है। नालियां बंद होने के कारण यह सारा पानी सड़क पर बह रहा है ।
मस्तराम चौहान, सहायक अभियंता, जल शक्ति विभाग घुमारवीं
घुमारवीं शहर में सीवरेज से बहता गंदा पानी। संवाद