कहा, बदहाली का शिकार हो चुके पार्कों की नहीं ली जा रही सुध
पार्कों में उगी है घास, बैठने के लिए बनाए बेंच टूटे
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। वरिष्ठ नागरिक सभा घुमारवीं ने नगर परिषद के अंतर्गत सभी वार्डों में स्थित पार्कों की दयनीय और शर्मनाक स्थिति को लेकर कड़ा रोष जताया है। सभा ने कहा कि नगर परिषद और प्रशासन की लापरवाही के कारण शहर के पार्क आज पूरी तरह बदहाली का शिकार हो चुके हैं और ऐसा प्रतीत होता है मानो इनकी सुध लेने वाला कोई नहीं है।
सभा के प्रधान रूपलाल शर्मा, वरिष्ठ उप प्रधान रमेश कुमार कैंथ, उप प्रधान हेमराज महाजन व प्रकाश महाजन, महासचिव देवराज चंदेल और मुख्य सलाहकार रामलाल शर्मा ने संयुक्त रूप से जारी एक प्रेस बयान में कहा कि जिन पार्कों का निर्माण लाखों रुपये की लागत से आम जनता के स्वास्थ्य, सुकून और मनोरंजन के लिए किया गया था, वे आज टूटे गेट, क्षतिग्रस्त बेंचों, उगी हुई ऊंची घास और गंदगी के कारण खंडहरों में तब्दील हो चुके हैं। न तो बैठने की कोई व्यवस्था है और न ही सुरक्षित रूप से टहलने की सुविधा। पार्कों की हालत यह बताने के लिए काफी है कि नगर परिषद द्वारा लंबे समय से इन्हें पूरी तरह नजरअंदाज किया जा रहा है।
वरिष्ठ नागरिक सभा ने गहरी नाराजगी जताते हुए कहा कि गर्मियों का मौसम सिर पर है, लेकिन शहर के बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों के लिए सुबह-शाम खुली हवा में कुछ समय बिताने तक का कोई सुरक्षित स्थान उपलब्ध नहीं है। मजबूरीवश नागरिकों को सड़कों के किनारे मॉर्निंग वॉक करनी पड़ती है जहां हर पल दुर्घटना का खतरा मंडराता रहता है। उन्होंने कहा कि यह स्थिति न केवल प्रशासनिक संवेदनहीनता को दर्शाती है बल्कि आम जनता की सुरक्षा के साथ खुला खिलवाड़ भी है। सभा के पदाधिकारियों ने सवाल उठाया कि जब पार्कों के निर्माण पर जनता का लाखों रुपये का पैसा खर्च किया गया है तो उनके रखरखाव के लिए जिम्मेदार अधिकारी आंख मूंदे क्यों बैठे हैं। वरिष्ठ नागरिक सभा घुमारवीं ने नगर परिषद और जिला प्रशासन से मांग की है कि सभी पार्कों की स्थिति में तुरंत और ठोस सुधार किया जाए। टूटे गेटों और बेंचों की मरम्मत, नियमित सफाई, घास की कटाई तथा बैठने व टहलने की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
कोट
सभी पार्कों को व्यवस्थित किया जा रहा है। हालांकि सभी पार्क में बैठने की उचित व्यवस्था के तहत बेंच लगाए गए थे। अगर कहीं पर कोई दिक्कत है तो उसमें सुधार किया जाएगा। सभी पार्कों की साफ सफाई करवाई जा रही है इसके बाद बैठने की भी उचित व्यवस्था कर दी जाएगी।
खेमचंद वर्मा, कार्यकारी अधिकारी, नगर परिषद घुमारवीं