प्रोटेक्टिव एजिंग कार्यक्रम के तहत लुहणू मैदान में हुआ आयोजन
उपायुक्त राहुल कुमार ने विजेताओं को किया सम्मानित
मटका फोड़ में सुमन शर्मा, बोरी दौड़ में गीता देवी और लेमन रेस में हेमलता अव्वल
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग तथा जिला प्रशासन बिलासपुर के संयुक्त तत्वावधान में प्रोटेक्टिव एजिंग कार्यक्रम के अंतर्गत शुक्रवार को लुहणू मैदान में वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों के लिए समावेशी खेल महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के समापन समारोह में उपायुक्त राहुल कुमार ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की और विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया।
इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों को सक्रिय, स्वस्थ और सामाजिक रूप से जुड़े रहने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में समावेशिता को बढ़ावा देने के साथ-साथ सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए भी प्रेरित करते हैं। बताया कि खेल महोत्सव के दौरान विभिन्न प्रकार की मनोरंजक और प्रतिस्पर्धात्मक खेल गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिनमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। साथ ही प्रतिभागियों को स्वास्थ्य, फिटनेस और सकारात्मक जीवन शैली के महत्व के बारे में भी जागरूक किया गया।
मटका फोड़, बोरी दौड़ और लेमन रेस में दिखा उत्साह
मटका फोड़ प्रतियोगिता में सुमन शर्मा ने पहला स्थान प्राप्त किया। बोरी दौड़ में गीता देवी प्रथम, रंजना द्वितीय और रवि तृतीय स्थान पर रहे। लेमन रेस में हेमलता ने पहला, रेनू ने दूसरा और मीना ने तीसरा स्थान हासिल किया। 100 मीटर दौड़ विशेष रूप से सक्षम वर्ग में आयुषी प्रथम, आशीष द्वितीय और रवि तृतीय स्थान पर रहे। सहायक दौड़ में प्रीतम ने पहला और जुनेश ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। ‘तुम चलो’ प्रतियोगिता में सुरेश प्रथम, चुनी लाल द्वितीय और गरजा राम तृतीय स्थान पर रहे।
बोची प्रतियोगिता में विजयपुर के गोरख, दिव्यांशु और व्यास की टीम ने पहला स्थान प्राप्त किया। दूसरे स्थान पर आशा किरण संस्थान की टीम लक्ष्मी दत्त, सुरजीत, लखन रही, जबकि तीसरा स्थान चेतना बिलासपुर की टीम सक्षम, राहुल, रवि ने हासिल किया। 100 मीटर महिला वर्ग की दौड़ में रंजना प्रथम, सुनीता द्वितीय और सुषमा तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं चेस प्रतियोगिता में सुमन, अखिल, राकेश, लग्नेश और रंजना विजेता रहे। इस अवसर पर जिला कल्याण अधिकारी रमेश बंसल, प्रभारी कहलूर स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स मनोज ठाकुर, तहसील कल्याण अधिकारी कमल कांत, सुरेंद्र, रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव अमित कुमार, प्रकाश बंसल, सुरेश नड्डा, अश्वनी शर्मा आदि उपस्थित रहे।