डमली पंचायत में टिफिन बैठक के दौरान विधायक कटवाल। संवाद
पदयात्रा केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनता से जुड़ने का है पर्व
विकास की नई धुरी बन रहे हैं फोरलेन और रेलवे प्रोजेक्ट : कटवाल
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। झंडूता के विधायक जीतराम कटवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आत्मनिर्भर और विकसित भारत का संकल्प साकार करने की दिशा में केंद्र सरकार निरंतर आगे बढ़ रही है। इन प्रयासों से ग्रामीण क्षेत्रों की तकदीर और तस्वीर बदल रही है। झंडूता विधानसभा क्षेत्र की डमली व बैहना जट्टां पंचायतें इसका उदाहरण हैं।
उन्होंने कहा कि कीरतपुर-मनाली फोरलेन के निर्माण से क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली है। इससे न केवल दूरियां कम हुई हैं, बल्कि यह फोरलेन पर्यटन, व्यापार और रोजगार की नई धुरी बन चुका है। इसी तरह निर्माणाधीन भानुपल्ली-बिलासपुर रेलवे लाइन प्रोजेक्ट भी क्षेत्र की विकास यात्रा में स्वर्णिम अध्याय साबित होगा। कटवाल मंगलवार को आत्मनिर्भर-विकसित भारत संकल्प ग्राम केंद्र पदयात्रा के पहले चरण के अंतिम दिन डमली पंचायत के ऋषिकेश और कोठी में आयोजित टिफिन बैठकों को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि यह पदयात्रा केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनता से जुड़ने और उनकी समस्याओं को जानने का एक जनसंपर्क पर्व है। इसका उद्देश्य सरकारी योजनाओं को गांव स्तर तक पहुंचाना और संगठन की हर कड़ी को मजबूत करना है। कहा कि झंडूता क्षेत्र के हर गांव का समग्र विकास उनकी प्राथमिकता रही है। सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने पर लगातार कार्य किया जा रहा है। बीते आठ वर्ष में केंद्र सरकार और पूर्व भाजपा सरकार के सहयोग से डमली और बैहना जट्टां पंचायतों में व्यापक विकास हुआ है। विधायक निधि और अन्य योजनाओं के माध्यम से भी धनराशि उपलब्ध करवाई गई है। वहीं, कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार ने पिछले तीन वर्षों में इस क्षेत्र में विकास के नाम पर एक पत्थर तक नहीं लगाया है। यह सरकार मित्रों की जेबें भरने में व्यस्त है और आम लोगों की समस्याओं से इसका कोई सरोकार नहीं है। जनता आगामी समय में इसका जवाब जरूर देगी।