नगर परिषद बिलासपुर के लिए सहायक अभियंता (एसडीओ) के स्थानांतरण पर नगर परिषद बिलासपुर ने असहमति जताई है। जिस सहायक अभियंता का स्थानांतरण बिलासपुर के लिए किया गया है, वह 31 जनवरी को सेवानिवृत्त हो जाएंगे। नगर परिषद बिलासपुर की आपात बैठक मंगलवार को अध्यक्ष कमल गौतम की अध्यक्षता में हुई। इसमें बिलासपुर नगर परिषद के लिए चंबा नगर परिषद से सहायक अभियंता मदन कुमार के स्थानांतरण को लेकर नाराजगी और असहमति जताई गई। इसे लेकर सर्वसम्मति से प्रस्ताव पास किया गया। यह प्रस्ताव मुख्यमंत्री और प्रधान सचिव शहरी विकास विभाग को भेजा गया। प्रस्ताव में आग्रह किया गया कि तुरंत प्रभाव से स्थानांतरण स्थगित किया जाए। कमल ने बताया कि सहायक अभियंता मदन कुमार का स्थानांतरण नगर परिषद बिलासपुर में किया जाना किसी भी स्थिति में उचित नहीं है।
उन्होंने अभी तक नगर परिषद बिलासपुर में ज्वाइन भी नहीं किया है। सेवानिवृत्ति को 10 दिन शेष हैं। गौतम ने कहा कि उनकी सेवानिवृत्ति के समय करीब एक करोड़ का वित्तीय बोझ नगर परिषद बिलासपुर पर न डालकर इन्हें चंबा नगर परिषद से ही सेवानिवृत किया जाए। नगर परिषद बिलासपुर की वित्तीय स्थिति बहुत खराब है। इस कारण इतना बड़ा वित्तीय बोझ झेलने में असमर्थ है। नगर परिषद के सभी पार्षद बैठक में मौजूद रहे। उन्होंने चिंता व्यक्त की कि ऐसी स्थिति में नगर परिषद का विकास करवाने में व्यवधान और रुकावट आएगी। इतनी बड़ी रकम नगर परिषद से दिए जाने के बाद विकास और सफाई व्यवस्था की स्थिति चरमरा जाएगी। सभी पार्षदों ने स्थानांतरण के आदेश तुरंत प्रभाव से निरस्त करने की मांग की।