पंजाब में मतगणना के चलते स्वारघाट में नाके पर तैनात पुलिस।
- फोटो : BILASPUR
श्री नयनादेवी जी (बिलासपुर)। पंजाब विधानसभा चुनाव की मतगणना वीरवार को होगी। बिलासपुर पुलिस सतर्क हो गई है। पंजाब के साथ लगती हिमाचल प्रदेश की 38 किलोमीटर की सीमा सील कर दी गई है। साथ ही चार जगहों पर नाकेबंदी की गई है। पंजाब से आने जाने वाले वाहनों को जांच के उपरांत ही भेजा जा रहा है।
एसपी बिलासपुर साजू राणा ने बताया कि श्री नयनादेवी जी विधानसभा क्षेत्र की अधिकतर सीमा पंजाब राज्य के साथ सटी हुई है। विधानसभा क्षेत्र के तहत पड़ने वाले दोनों थानों की पुलिस को अलर्ट पर रखा गया है। कोट कहलूर थाना पुलिस ने पंजाब को जाने वाले कोलांवाला टोबा, मजारी और ग्वालथाई में नाकेबंदी की है। स्वारघाट थाना पुलिस ने भी गरामोड़ा में नाका लगाया है। इसके अलावा 28 गांवों से होकर गुजरने वाली 38 किलोमीटर सीमा पर भी गश्त बढ़ा दी गई है। यह नाकेबंदी बुधवार रात 9 बजे से शुक्रवार सुबह 11 बजे तक जारी रहेगी। शरारती तत्वों पर सख्त नजर रखी जा रही है। सुरक्षा की दृष्टि से कोई चूक न रहे और किसी प्रकार की कोई अप्रिय घटना न घटे इसके लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है।